वीवो वी11 प्रो भारत में लांच, यह है इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर वाला सबसे सस्ता फोन

तमाम लीक्स के बाद चाइनीज स्मार्टफोन निर्माता कंपनी वीवो ने भारत में अपना नया स्मार्टफोन वीवो वी11 प्रो लांच कर दिया है। इसी के साथ भारत में बिकने वाला दुनिया का सबसे सस्ता इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर वाला स्मार्टफोन हो गया है। इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर के अलावा इस फोन की खासियतों की बात करें तो इसमें 6 जीबी रैम के साथ वॉटर ड्रॉप नॉच डिस्प्ले दी गई है। साथ ही इस फोन में डुअल इंजन फास्ट चार्जिंग भी दी गई है।
वीवो वी11 प्रो की भारत में कीमत और उपलब्धता
वीवो वी11 प्रो के 6 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 25,990 रुपये है। वीवो वी11 प्रो भारत में डैजिंग गोल्ड और स्टैरी नाइट ब्लैक कलर वेरियंट में मिलेगा। फोन की बिक्री ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों स्टोर्स से होगी। वीवो वी11 प्रो की प्री-बुकिंग आज से शुरू हो गई है और इसकी बिक्री 12 सितंबर से होगी। फोन के साथ एचडीएफसी कार्ड से पेमेंट करने पर 2,000 रुपये का कैशबैक, जियो की ओर से 4,050 रुपये का फायदा और फ्री में वन-टाइम रिप्लेसमेंट मिल रहा है।
वीवो वी11 प्रो की स्पेसिफिकेशन
वीवो वी11 प्रो में 6.41 इंच की फुल एचडी प्लस सुपर एमोलेड डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2340 पिक्सल और आस्पेक्ट रेशियो 19.5:9 है। इसके अलावा वीवो वी11 प्रो में एंड्रॉयड ओरियो 8.1, ऑक्टाकोर स्नैपड्रैगन 660 प्रोसेसर, ग्राफिक्स के लिए एड्रेनो 512 जीपीयू, 6 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज मिलेगी जिसे 256 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा।
फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा है जिसमें एक लेंस 12 मेगापिक्सल का f/1.8 अपर्चर वाला और दूसरा 5 मेगापिक्सल का है। वहीं फ्रंट कैमरा 25 मेगापिक्सल का है। दोनों कैमरे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सपोर्ट और एलईडी फ्लैश लाइट मिलेंगी। कनेक्टिविटी के लिए इसमें 4G VoLTE, डुअल बैंड वाई-फाई, ब्लूटूथ v4.2, जीपीएस/ए-जीपीएस, माइक्रो-यूएसबी, 3400 एमएएच की बैटरी मिलेगी जो डुअल इंजन फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।