Smart Lock: जानलेवा बन गए स्मार्ट लॉक! इंदौर जैसे हादसे से बचना है, तो लॉक में जरूर देखें ये 5 सेफ्टी फीचर्स
Smart Lock Features:
इंदौर में हुए दर्दनाक हादसे ने स्मार्ट लॉक की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग लगने पर घर में लगे स्मार्ट लॉक फेल हो गए और दरवाजा नहीं खुला, जिससे परिवार के आठ सदस्य अंदर ही फंसे रह गए। इस रिपोर्ट में जानिए एक स्मार्ट लॉक खरीदते समय आपको किन फीचर्स को ध्यान में रखना चाहिए।

विस्तार
इंदौर के हालिया हादसे में सामने आया कि आग लगने की वजह से घर में लगा स्मार्ट लॉक (Smart Lock) फेल हो गया। जिसके वजह से अंदर फंसे लोग दरवाजा नहीं खोल पाए और आठ लोगों की जलकर मौत हो गई। इस हादसे ने यह साबित कर दिया कि तकनीक पर आंख मूंदकर भरोसा करना जानलेवा हो सकता है। जहां स्मार्टलॉक हमें चाबियों के झंझट से मुक्ति देते हैं, वहीं आग या बिजली गुल होने जैसी स्थितियों में ये बाधा भी बन सकते हैं। इसलिए घर में स्मार्ट लॉक लगवाते समय इसके इमरजेंसी फीचर्स पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि घर के लिए स्मार्ट लॉक में कौन से फीचर्स आपको देखने चाहिए।
1. फिजिकल चाबी या मैनुअल ओवर राइड का फीचर जरूर देखें
स्मार्टलॉक खरीदते समय सबसे पहली शर्त यह होनी चाहिए कि उसमें एक मैकेनिकल चाबी का स्लॉट हो। इंदौर हादसे में इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम फेल होने या बिजली कटने के कारण लॉक जाम हो गया था।हमेशा ऐसी चाबी का विकल्प रखें जो बिजली या इंटरनेट न होने पर भी काम करे। इस चाबी को घर के किसी ऐसी जगह रखें जहां पहुंचना बेहद आसान हो।
2. फायर सेंसर और ऑटो-अनलॉक फीचर
आजकल के आधुनिक स्मार्ट लॉक्स में हीट सेंसर लगे होते हैं। अगर घर के अंदर तापमान एक निश्चित सीमा (जैसे 65°C से ऊपर) जाता है, तो लॉक अपने आप खुल जाता है।सस्ता लॉक खरीदने के चक्कर में इस फीचर से समझौता न करें। आग लगने की स्थिति में यह फीचर आपकी जान बचा सकता है।
3. पैनिक एग्जिट फंक्शन भी उपयोगी
एक सुरक्षित स्मार्ट लॉक वह है जिसे बाहर से खोलने के लिए कोड या फिंगरप्रिंट चाहिए, लेकिन अंदर से वह सिर्फ हैंडल घुमाने मात्र से खुल जाए।अगर आपके लॉक को अंदर से खोलने के लिए भी किसी बटन, बिजली या एप की जरूरत पड़ती है, तो वह आपातकाल के लिए सुरक्षित नहीं है। धुएं और घबराहट के बीच इंसान अक्सर जटिल कोड भूल जाता है।
4. बैटरी बैकअप और इमरजेंसी पावर पॉइंट
डिजिटल लॉक बैटरी से चलते हैं। हमेशा ऐसा लॉक चुनें जो बैटरी कम होने पर बहुत पहले ही अलर्ट देना शुरू कर दें।जिसमें बाहर की तरफ 9V बैटरी का बैकअप पॉइंट हो, ताकि अगर अंदर की बैटरी खत्म भी हो जाए, तो आप बाहर से उसे बिजली देकर खोल सकें।
5. फैमिली ड्रिल और ट्रेनिंग
घर में यदि स्मार्ट लॉक जैसा कोई स्मार्ट डिवाइस लगा है तो उसका उपयोग सभी सदस्यों को आना चाहिए। इतना ही नहीं ऐसी स्थिति में लॉक को कैसे खोलना है या मदद कैसे बुलानी है, इसकी भी पता होना चाहिए।परिवार के हर सदस्य, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को पता होना चाहिए कि अगर इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम काम न करे, तो उसे मैन्युअल तरीके से कैसे खोलना है। आप परिवार के साथ समय-समय पर इसकी प्रैक्टिस कर ऐसी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रह सकते हैं।
- Jio का बड़ा तोहफा: अब विदेश में बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के मिलेंगे SMS के फायदे, जानें कैसे उठाएं लाभ
- Samsung Galaxy Z TriFold: क्या फ्लॉप हो गया सैमसंग का तीन बार मुड़ने वाला फोन? जानिए स्टोर से क्यों हुआ गायब
- Samsung Galaxy M17e 5G भारत में लॉन्च: 6000mAh बैटरी के साथ मिलेगी 6 साल की 'नो टेंशन' सर्विस, जानिए फीचर्स
- इंदौर ईवी हादसा: आग में क्यों फेल हो जाते हैं स्मार्ट लॉक? सुरक्षा के दावों पर उठ रहे सवाल