Samsung Galaxy M31s 30 जुलाई को होगा भारत में लॉन्च, जानें इसके फीचर्स

सैमसंग ने अपने अपकमिंग स्मार्टफोन गैलेक्सी एम31एस (Samsung Galaxy M31s) की भारत में लॉन्चिंग की घोषणा कर दी है। सैमसंग गैलेक्सी एम31एस को भारत में 30 जुलाई को दोपहर 12 बजे पेश किया जाएगा। सैमसंग के इस फोन की बिक्री अमेजन इंडिया से होगी। अमेजन इंडिया पर इस फोन का टीजर भी देखा जा सकता है।
अमेजन इंडिया पर जारी टीजर के मुताबिक इस फोन में 64 मेगापिक्सल का क्वॉड कैमरा सेटअप होगा। इसके अलावा इस फोन में सैमसंग का खास फीचर सिंगल टेक का भी सपोर्ट मिलेगा। बता दें कि सिंगल टेक एक कैमरा फीचर है जो कि एक बार में कई फोटो, वीडियो और जिफ क्लिक करता है।
फीचर की बात करें तो अभी तक सामने आई जानकारी के मुताबिक सैमसंग के इस फोन में 6000mAh की बैटरी मिलेगी जो 25W की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करेगी। खास बात यह है कि इस फोन में रिवर्स चार्जिंग का भी सपोर्ट मिलेगा जिसकी मदद से आप इस फोन के जरिए ही दूसरा फोन भी चार्ज कर सकेंगे।
सैमसंग गैलेक्सी एम31एस में फुल एचडी प्लस एमोलेड डिस्प्ले मिलेगी। फोन में पंचहोल कैमरा मिलेगा। फोन की बिक्री छह अगस्त से हो सकती है। इसकी कीमत 20 हजार रुपये से कम होगी। पिछले महीने गीकबेंच की लिस्टिंग के मुताबिक Galaxy M31s में Exynos 9611 प्रोसेसर, 6 जीबी रैम और एंड्रॉयड 10 आधारित सैमसंग का वन यूआई मिलेगा।