Realme C55 Review: आईफोन जैसे फीचर्स वाले फोन में कितना है दम? यहां मिलेगा हर सवाल का जवाब
Realme C55 को मिनी कैप्सूल फीचर के साथ पेश किया गया है। आईफोन 14 प्रो के डायनामिक आइलैंड जैसे फीचर्स के साथ आने वाला यह पहला फोन है। चलिए इसका रिव्यू जानते हैं।

विस्तार
रियलमी ने अपने नए फोन Realme C55 को भारत में हाल ही में लॉन्च किया है। इस फोन को मिनी कैप्सूल फीचर के साथ पेश किया गया है। आईफोन 14 प्रो के डायनामिक आइलैंड जैसे फीचर्स के साथ आने वाला यह रियलमी का पहला फोन भी है। फोन मीडियाटेक MediaTek Helio G88 प्रोसेसर के साथ आता है। फोन की शुरुआती कीमत 10,999 रुपये है। इस कीमत पर 4 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज मिलती है। फोन दो कलर ऑप्शन- रैनी नाइट और सन शावर कलर में आता है। हमारे पास रिव्यू के लिए रैनी नाइट है। फोन के साथ 33 वाट की सुपरवूक फास्ट चार्जिंग, बड़ी डिस्प्ले और मेटल फ्रेम मिलता है। यदि आप भी इस फोन को खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो यह रिव्यू रिपोर्ट आपके लिए है। इस रिपोर्ट में हम आपको Realme C55 की डिजाइन, फोटो और कैमरा सेटअप से लेकर डिस्प्ले, स्पेसिफिकेशन और परफॉरमेंस तक की जानकारी देने वाले हैं। चलिए Realme C55 का रिव्यू देखते हैं।

Realme C55 Review: डिजाइन
फोन की डिजाइन की बात करें तो फोन काफी स्टाइलिश और बढ़िया लगता है। आप इसकी लुक को देखकर इसकी कीमत का अंदाजा नहीं लगा पाएंगे। फोन में फ्रेम मेटल का है और बैक पैनल प्लास्टिक का मिलता है। फोन के साथ बैक पैनल पर पैटर्न मिलते हैं और इसके साथ मैट फिनिश दी गई है। फोन के साथ दो बड़े-बड़े कैमरा बंप भी है, जो कि ग्लोसी डिजाइन में हैं। कैमरा बंप वाकई काफी बड़े हैं। वहीं फोन के एज और साइड्स की बात करें तो यह काफी शार्प हैं। फोन स्लीक डिजाइन में आता है और बढ़िया दिखता है। कीमत के हिसाब से डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी में हमें कमी नहीं लगी।
फोन की बटन और पोर्ट्स की बात करें तो इसके साथ साइट साइड में पावर बटन और वॉल्यूम रॉकर मिलते हैं। फोन के निचले हिस्से में प्राइमरी माइक्रोफोन, यूएसबी टाइप-सी पोर्ट और स्पीकर ग्रिल और ऑडियो जैक दिया गया है। फोन में लेफ्ट साइड में डुअल सिम स्लॉट मिलता है। इसमें आप दो सिम के साथ माइक्रो एसडी कार्ड भी लगा सकेंगे। फोन का वजन 189.5 ग्राम है।

Realme C55 Review: डिस्प्ले
Realme C55 में 6.72 इंच की फुल एचडी प्लस आईपीएस एलसीडी डिस्प्ले मिलता है, जो (1080X2400 पिक्सल) रिजॉल्यूशन, 90Hz रिफ्रेश रेट, 180 हर्ट्ज टच सैंपलिंग रेट और 680 निट्स पीक ब्राइटनेस के साथ आता है। फोन का टच और स्क्रॉलिंग स्मूथ है। फोन के साथ वीडियो देखने में भी काफी मजा आता है। इसके साथ अच्छे कलर और व्यूइंग एंगल देखने मिलता है। डिस्प्ले में साथ आपको मिनी कैप्सूल फीचर भी मिलता है जो काफी मजेदार है। आप इसके साथ चार्जिंग अपडेट्स, डाटा उपयोग आदि में पॉप-अप होता है। ये काफी सही लगता है। डिस्प्ले के साथ ब्राइटनेस को लेकर भी कोई दिक्कत नहीं है। आप आराम से धूप में भी फोन इस्तेमाल कर सकेंगे।