जियो ने क्यों बढ़ाई प्राइम मेंबरशिप की तारीख, ये हैं बड़ी वजहें

रिलायंस जियो ने पिछले साल सितंबर में टेलीकॉम सेक्टर में कदम रखा। जियो के लॉन्च होते ही बाजार में एक भूचाल सा आ गया। जियो ने लॉन्चिंग के साथ फ्री सेवाएं देनी शुरू की जिसमें 4जी डाटा, वॉयस कॉलिंग, मैसेज और रोमिंग सबकुछ फ्री था। इतना कुछ फ्री होना भारतीय मोबाइल यूजर्स के लिए अलादीन के चिराग से कम नहीं था और देखते-देखते फरवरी 2017 तक जियो के पास 10 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हो गए।
नए साल में जियो ने हैप्पी-न्यू ईयर की घोषणा करते हुए एक बार फिर से 31 मार्च 2017 तक सबकुछ फ्री कर दिया। इसके बाद फरवरी में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने जियो प्राइम मेंबरशिप की घोषणा की।
क्या है जियो प्राइम ?

जियो प्राइम मेंबरशिप कंपनी का एक ऐसा प्लान है जिसके तहत 99 रुपये के रिचार्ज पर 1 साल के लिए मेंबरशिप दी जा रही है। मेंबरशिप का फायदा होगा कि इन ग्राहकों को नॉन प्राइम मेंबर के मुकाबले ज्यादा ऑफर और डाटा दिया जाएगा। प्राइम मेंबरशिप की आखिरी तरीख 31 मार्च तक थी उसके बाद इसे 15 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है।
क्यों बढ़ी प्राइम मेंबरशिप की तारीख ?

किसी को भी इस बात की भनक नहीं थी कि रिलायंस जियो प्राइम मेंबरशिप की तारीख को आगे बढ़ा सकती है, लेकिन अंतिम समय में कंपनी ने तारीख बढ़ाने की घोषणा करके सबको चौंका दिया। पहला कारण 31 मार्च को जियो का सर्वर डाउन होना था। शुक्रवार को प्राइम मेंबरशिप के लिए हुई यूजर्स की भीड़ थी, लिहाजा पूरे दिन भर लोड के कारण जियो का सर्वर डाउन रहा जिसकी वजह से कई हजार ग्राहकों प्राइम मेंबरशिप नहीं ले पाए।
ग्राहकों की संख्या

जैसा कि कंपनी ने फरवरी में बताया था कि उसके पास 10 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं। उसके बाद 31 मार्च से 3 दिन पहले मीडिया रिपोर्ट में ये बात सामने आई कि 10 करोड़ में से 5 करोड़ ग्राहकों ने जियो की मेंबरशिप ली है, लेकिन 31 मार्च को यह आंकड़ा पूरी तरह से बदल गया और कंपनी ने प्रेस रिलीज में कहा कि 1 महीने में 7.2 करोड़ ग्राहकों ने प्राइम सर्विस ली है। यहां कंपनी के पास बचे ग्राहकों को भी अपना बनाने का मौका था लिहाजा प्राइम मेंबरशिप की तारीख 15 दिन बढ़ा दी गई।
फ्री से पेड में जाने का सबसे बड़ा रिकार्ड

किसी भी कंपनी के लिए इससे बड़ा कोई रिकार्ड नहीं हो सकता कि 8 महीने फ्री सर्विस लेने के बाद उसके 72 फीसदी ग्राहक पेड सर्विस के लिए तैयार हैं। यह दुनिया का अब तक का निःशुल्क से सशुल्क में जाने का सबसे बड़ा रिकार्ड भी है, क्योंकि आम तौर पर यूजर्स फ्री का मजा लेते हैं और पेड शुरू होने पर भाग जाते हैं। जैसा कि पहले भी हो चुका है कि कई कंपनियों ने फ्री सर्विस दी लेकिन ग्राहक जुटाने में नाकाम रही।
देश में कम समय में सबसे ज्यादा ग्राहक जोड़ने का रिकार्ड

यह भारत के टेलीकॉम सेक्टर का सबसे बड़ा रिकार्ड है कि जियो से कम समय में सबसे ज्यादा ग्राहक जुड़े हैं। अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि 7 जुलाई 1995 में एयरटेल भारत में आया और 22 सालों उसके पास 26 करोड़ के करीब है जबकि सिर्फ 8 महीनों में जियो के पास 10 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हो गए हैं। अब जियो के पास 10 करोड़ को हमेशा के लिए अपना बनाने का मौका है जिसे गंवाना कंपनी कभी नहीं चाहेगी।