जियो को मिले 7.2 करोड़ ग्राहक, प्राइम ऑफर 15 अप्रैल तक बढ़ा

उद्योगपति मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जियो ने शुक्रवार को घोषणा की कि उसे 7.2 करोड़ ग्राहक मिले हैं। इसके साथ ही कंपनी ने प्राइम मेंबर ऑफर 15 दिनों के लिए बढ़ा दी है। शुक्रवार को फ्री प्रोमोशनल ऑफर की मियाद खत्म होने के बाद कंपनी ने 15 अप्रैल से पहले 303 रुपये का भुगतान करने वाले ग्राहकों को एक कंप्लीमेंट्री ऑफर देने की भी घोषणा की है।
जियो ने कहा कि उसने शानदार मांग को देखते हुए जियो 303 और अन्य प्लान को खरीदने की मियाद 15 अप्रैल तक बढ़ा दी है। कंपनी ने एक बयान में स्पष्ट किया है कि अगर किसी ग्राहक ने किसी भी कारण से 31 मार्च तक 99 रुपये का भुगतान कर प्राइम मेंबर नहीं लिया है तो वह 15 अप्रैल तक 303 रुपये और अन्य प्लान की खरीद के साथ 99 रुपये का भुगतान कर प्राइम मेंबर बन सकता है।
कंपनी ने अपने प्राइम मेंबर्स के लिए जियो समर सरप्राइज की भी घोषणा की है। कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने ग्राहकों को भेजे एक पत्र में कहा है कि 15 अप्रैल से पहले 303 रुपये या उससे अधिक के प्लान की खरीद करता है तो उसे शुरुआती तीन माह तक सेवा फ्री मिलेगी। कंप्लीमेंट्री प्लान की मियाद खत्म होने के बाद जुलाई में पेड टैरिफ प्लान लागू होगा।
क्या है जियो प्राइम

क्या है जियो प्राइम
99 रुपये के रिचार्ज के साथ जियो प्राइम की मेंबरशिप ली जा सकती है जिसकी वैधता 1 साल के लिए होगी। प्राइम मेंबरशिप के तहत 303 रुपये के प्रति महीने के रिचार्ज पर अनलिमिटेड डेटा और वॉइस कॉलिंग मिलेगी। डाटा यूज की सीमा प्रतिदिन 1 जीबी है। साथ ही प्राइम मेंबर को हर रिचार्ज पर ज्यादा डाटा मिलेगा।