IEB-62 BT Review: कैसा है आईटेल का पहला 1,199 रुपये वाला वायरलेस नेकबैंड?
आईटेल नेकबैंड IEB-62 की कीमत है 1,199 रुपये5 घंटे म्यूजिक प्लेबैक का है दावाआईटेल का पहला वायरलेस नेकबैंड है IEB-62

विस्तार
मोबाइल ब्रांड आईटेल ने कुछ दिन पहले ही फोन के अलावा स्मार्ट गैजेट के मार्केट में एंट्री मारी है। आईटेल ने एक साथ कई सारे प्रोडक्ट्स लॉन्च किए जिनमें पावरबैंक, कार चार्जर, फिटबैंड, स्पीकर और वायरलेस नेकबैंड शामिल हैं। आईटेल के पहले नेकबैंड IEB-62 की कीमत 1,199 रुपये है। बेहतरीन परफॉर्मेंस के लिए इसमें 14.2mm का ड्राइवर दिया गया है लेकिन क्या है नेकबैंड खरीदने लायक है? आइए रिव्यू में जानते हैं...
आईटेल नेकबैंड IEB-62 की स्पेसिफिकेशन
आईटेल के इस पहले वायरलेस नेकबैंड में ब्लूटूथ 4.2 दिया गया है। इसके अलावा इसमें 14एमएम के ड्राइवर्स दिए गए हैं। इस नेकबैंड में आपको 100एमएच की बैटरी मिलेगी जिसे लेकर कंपनी ने 12 घंटे के टॉकटाइम का दावा किया है। इस नेकबैंड में एचडी ऑडियो और माइक का भी सपोर्ट है। इसके साथ एक साल की वारंटी मिल रही है और यह सिर्फ एक ही कलर वेरियंट रेड/ब्लैक में मिलेगा।
आईटेल नेकबैंड IEB-62 की डिजाइन

आईटेल नेकबैंड IEB-62 अच्छी है। डिजाइन को देखकर आप नहीं कह सकते कि इस नेकबैंड की कीमत 1,199 रुपये है। वायर की लंबाई आइडियल है। बिल्ड क्वालिटी को लेकर भी हमें कोई शिकायत नहीं है। वायर के ऊपर सीलिकॉन जैसी कोटिंग है जिसकी वजह से अच्छी ग्रीपिंग बनती है। फिनिशिंग अच्छी है। पावर और वॉल्यूम बटन राइट बड्स की ओर दिए गए हैं।
बिना रबड़ वाले बड्स मुझे निजी तौर पर काफी पसंद हैं, क्योंकि इनके इस्तेमाल के दौरान कान पूरी तरह से पैक नहीं होता है। यदि कोई आपको जोर से आवाज लगाता है तो आप उसकी आवाज को आसानी से सुन सकते हैं। रबड़ बड्स वाले में कान पूरी तरह से बंद हो जाता है जो कि ठीक नहीं है, हालांकि कई लोगों को रबड़ बड्स वाले ईयरफोन पसंद होते हैं। दोनों बड्स के साथ मग्नैट दिया गया है जो कि बखूबी काम करता है। नेकबैंड का वजन महज 20 ग्राम है।
आईटेल नेकबैंड IEB-62 की परफॉर्मेंस

अब जहां तक परफॉर्मेंस का सवाल है तो पहली बात साउंड क्वालिटी की होगी। आईटेल नेकबैंड IEB-62 की आवाज फोन पर बात करने के दौरान तो शानदार है लेकिन म्यूजिक सुनने पर आवाज थोड़ी कानों में चुभती है। इस नेकबैंड में बास अच्छा है और आवाज क्लियर आती है। किसी गाने में बज रहे एक-एक इंस्ट्रूमेंट की आवाज को पहचाना जा सकता है। इस नेकबैंड में रबड़ बड्स ना होने की वजह से बास थोड़ा कम लगता है लेकिन जिन्हें अधिक बास नहीं चाहिए उन्हें कोई शिकायत नहीं होगी। रिव्यू के दौरान म्यूजिक के मुकाबले इस नेकबैंड के साथ फिल्म देखने और गेम खेलने काफी मजा आया।

गेमिंग और मूवीज के दौरान बास अच्छा मिलता है लेकिन म्यूजिक के दौरान कम रहता है। ब्लूटूथ 4.2 होने के बावजूद आईटेल नेकबैंड IEB-62 की कनेक्टिविटी अच्छी है। हमने रिव्यू के लिए इसका इस्तेमाल आईफोन और एंड्रॉयड दोनों डिवाइस के साथ किया। हमें कोई समस्या नहीं आई। फोन थोड़ा दूर रहने पर भी आराम से बात हो जाती है और आवाज दोनों तरफ क्लियर रहती है। माइक बखूबी काम करता है।
इस नेकबैंड के साथ अच्छी बात यह है कि फुल वॉल्यूम करने पर आवाज खराब नहीं होती है। जहां तक कंफर्ट का सवाल है तो इस नेकबैंड को बिना किसी परेशानी लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है। कंपनी के दावे के मुताबिक इसकी बैटरी लाइफ अच्छी है। एक बार की फुल चार्जिंग के बाद 5-6 घंटे तक आप लगातार म्यूजिक सुन सकते हैं, हालांकि वीडियो स्ट्रीमिंग या गेमिंग में बैटरी बैकअप थोड़ा कम हो जाएगा। तो कुल मिलाकर कहें तो आईटेल का यह पहला ऑडियो प्रोडक्ट कीमत के अनुसार उम्मीद पर खरा उतरता है।