क्या सैमसंग के फीचर फोन को टक्कर दे पाएगा Nokia 150 ?

कभी भारत के मोबाइल बाजार में राज करने वाली फिनलैंड की कंपनी नोकिया कुछ दिनों से बाजार से गायब है, लेकिन अब कंपनी ने HMD Global को नोकिया के हैंडसेट बनाने का लाइसेंस दे दिया है। लाइसेंस मिलने के बाद नोकिया के फोन एक बार फिर से बाजार में धमाकेदार वापसी करने जा रहे हैं।
HMD Global ने पिछले साल Nokia 150 फीचर फोन को लॉन्च किया था, वहीं कंपनी ने इस फोन को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। इस फोन की कीमत 2,059 रुपये है। फोन को ई-कॉमर्स वेबसाइट फ्लिपकार्ट और अमेजॉन इंडिया से खरीदा जा सकता है।
नोकिया के आते ही लोगों के जेहन में एक सवाल है कि क्या नोकिया 2,000 रुपये के रेंज में सैमसंग को टक्कर दे पाएगा। अब इस रेंज में दोनों कंपनियों के फोन की बात करें तो इस रेंज में सैमसंग के स्मार्टफोन भी आ जाएंगे। जैसे- Samsung Z1 SM-Z130H (2,000 रुपये), Samsung Galaxy Ace S5830i (1,899 रुपये), Samsung Galaxy Star Pro GT-S7262 (2,000 रुपये)।
Also Read: भारतीय बाजार में नजर आने लगे नोकिया के नए फोन
इसके अलावा सैमसंग के कई फीचर फोन हैं जो मार्केट में अपनी पहुंच बना चुके हैं। जैसे- सैमसंग गुरु और सैमसंग मेट्रो। इन दोनों फोन में 208 एमबी रैम हैं जबकि नोकिया 150 में सिर्फ 16 एमबी रैम है, हालांकि बैटरी के मामले में नोकिया आगे है क्योंकि सैमसंग के अधिकतर फीचर फोन में 800 और 1,000 एमएएच की बैटरी हैं वहीं नोकिया में 1,020 एमएएच की बैटरी है।
अब देखना ये है कि नोकिया की भारतीय मोबाइल बाजार में वापसी नोकिया 150 जैसे फीचर फोन से होती है या फिर नोकिया 3310 या फिर नोकिया 3, नोकिया 5 और नोकिया 6 से होती है।