अपनी स्मार्टवॉच लॉन्च करेगा फेसबुक, एपल वॉच से होगी टक्कर

दुनिया की सबसे बड़ी सोशल मीडिया साइट फेसबुक (Facebook) अब वियरेबल बाजार में भी एंट्री के लिए तैयार है। खबर है कि फेसबुक एक ऐसे स्मार्टवॉच पर काम कर रही है जिसमें फिटनेस ट्रैकर फीचर के साथ-साथ मैसेज भेजने की भी सुविधा होगी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक फेसबुक के स्मार्टवॉच की बिक्री की शुरुआत अगले साल होगी। कई रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि फेसबुक के स्मार्टवॉच की टक्कर एपल और हुवावे जैसी कंपनियों के स्मार्टवॉच से होगी। रिपोर्ट के मुताबिक फेसबुक के वॉच में सेलुलर कनेक्शन होगा जिसकी मदद से यूजर्स मैसेज भेज सकेंगे। फेसबुक के स्मार्टवॉच का डायल सर्कुलर होगा।
कहा जा रहा है कि कैलिफोर्निया की कंपनी Menlo Park फेसबुक के इस स्मार्टवॉच के लिए हार्डवेयर तैयार करेगी। इससे पहले यह कंपनी फेसबुक के साथ वर्चुअल रियलिटी हेडसेट और वीडियो चैटिंग डिवाइस पोर्टल के लिए काम कर चुकी है, हालांकि इस डेवलपमेंट के बारे में फेसबुक ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।
बता दें कि एपल वॉच दुनिया की सबसे लोकप्रिय स्मार्टवॉच है और इसके यूजर्स की संख्या 100 मिलियन यानी 10 करोड़ के पार पहुंच गई है। एपल वॉच सीरीज 6 में कई फिटनेस ट्रैकिंग के साथ ईसीजी और ब्लड ऑक्सीजन मॉनिटर जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
एपल वॉच के दो फीचर्स ऐसे हैं जो किसी अन्य वॉच में नहीं हैं। पहला ईसीजी है और दूसरा फॉल डिटेक्शन है। एपल वॉच को सेलुलर और वाई-फाई दोनों वेरियंट में खरीदा जा सकता है। एपल वॉच में ई-सिम का इस्तेमाल होता है।