Apple स्टोर पर लिस्ट हुआ योग मैट, इसकी कीमत में खरीद सकेंगे एंड्रॉयड फोन

यदि आप सोचते हैं कि टेक्नोलॉजी की दिग्गज कंपनी Apple सिर्फ स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच और स्मार्ट स्पीकर जैसे प्रोडक्ट ही तैयार करती है तो आपको एपल के बारे में अभी और जानने की जरूरत है। एपल ने इसी साल एपल वॉच सीरीज 6 के साथ सब्सक्रिप्शन आधारित सेवा फिटनेस प्लस की घोषणा की थी और कंपनी की यह सेवा शुरू होने जा रही है।
Apple Fitness+ की लॉन्चिंग अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, आयरलैंड और न्यूजीलैंड जैसे देशों में 14 दिसबंर को होने जा रही है। एपल फिटनेस प्लस की मासिक कीमत $9.99 यानी करीब 700 रुपये है, जबकि सालाना पैकेज $79.99 यानी करीब 5,800 रुपये है। इस सर्विस को आप अपने परिवार के छह लोगों के साथ शेयर कर सकते हैं।
Apple Fitness+ एक शुल्क आधारित फिटनेस सर्विस है जो कि एपल वॉच के साथ उपलब्ध है। इसमें 10 तरीके के वर्क आउट मिलेंगे जिसमें योग, डांस, स्ट्रेंग्थ, कोर, साइकलिंग, ट्रेड मिल शामिल हैं।
एपल की पेड फिटनेस सर्विस की लॉन्चिंग से पहले एपल के स्टोर पर वर्क आउट इक्विपमेंट को लिस्ट किया गया है जिसमें Manduka परफॉर्मेंस योग मैट भी शामिल है। इस योग मैट की कीमत $119.95 यानी करीब 8,841 रुपये है। इस कीमत में आपको एक बढ़िया बजट स्मार्टफोन आराम से मिल जाएगा, हालांकि इनमें से एक भी प्रोडक्ट पर एपल की ब्रांडिंग नहीं है। इक्विपमेंट की लिस्ट में पानी का बोतल भी है।