Apple ने चुपके से बंद कर दिए आईफोन के 4 मॉडल्स, सबसे लोकप्रिय और सस्ता आईफोन भी शामिल

Apple ने पिछले सप्ताह ही तीन आईफोन लांच किए हैं जिनमें आईफोन XS, आईफोन XS मैक्स और आईफोन XR शामिल हैं, वहीं एप्पल ने अपने 4 पुराने आईफोन को बंद भी कर दिया है। एप्पल ने जिन पुराने आईफोन को बंद कर दिया है उनमें iPhone X, 6S, 6S Plus और आईफोन SE शामिल हैं। ये तीनों आईफोन अब कंपनी की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं हैं, हालांकि पुराना स्टॉक रिटेल स्टोर से जरूर मिल सकता है।
यदि आपको याद हो तो आईफोन 6S और आईफोन SE ही एप्पल के दो आखिरी ऐसे आईफोन हैं जिनमें हेडफोन जैक है, जबकि सभी नए मॉडल में हेडफोन जैक नहीं दिया गया है। वैसे आईफोन एसई काफी लोकप्रिय मॉडल है। हालांकि इसमें हैरान होने वाली बात नहीं है। एप्पल हर बार नए आईफोन की लांचिंग के साथ पुराने आईफोन को बंद कर देती है।
यहां गौर करने वाली बात यह कि iPhone X को कंपनी ने सिर्फ 1 साल के अंदर ही बंद कर दिया, जबकि इस फोन की बिक्री भी ठीक-ठाक रही है। वहीं एप्पल पिछले साल लांच हुए एयरपावर वायरलेस चार्जर को लेकर भी कुछ गंभीर नहीं दिख रही है। बताया जा रहा है कि एप्पल के वायरलेस चार्जर एयरपावर में गर्म होने की शिकायत आ रही है जिसके बाद कंपनी ने फिलहाल इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
गौरतलब है कि एप्पल ने हाल ही में 4 स्मार्टफोन की कीमतों में कटौती की है। जिन आईफोन की कीमतों में कमी हुई है उनमें iPhone X, iPhone 8, iPhone 7, iPhone 6s शामिल हैं। कटौती के बाद आईफोन 6एस के 32 जीबी वेरियंट की कीमत 29,900 रुपये और आईफोन 6एस प्लस की शुरुआती कीमत 34,900 रुपये हो गई है। नई कीमत के साथ एप्पल इंडिया की वेबसाइट भी अपडेट हो गई है।