ऑडी और बीएमडब्ल्यू की कार से भी महंगा है एपल का नया पीसी, कीमत जानकर उड़ जाएंगे होश

अमेरिका की टेक कंपनी एपल (Apple) ने ग्लोबल लेवल पर अब तक का सबसे महंगा पीसी मैक प्रो (Mac Pro) लॉन्च कर दिया है। कंपनी के लेटेस्ट कंप्यूटर की कीमत ऑडी, बीएमडब्ल्यू और टेस्ला की गाड़ियों से बहुत ज्यादा है। आपको बता दें कि कंपनी ने इस कंप्यूटर के टॉप वेरिएंट की कीमत 59,000 डॉलर (करीब 40 लाख रुपये) रखी है। यही वजह है कि अब एपल का मैक प्रो दुनिया का सबसे महंगा पर्सनल कंप्यूटर बन गया है। साथ ही कंपनी ने अमेरिका में इस कंप्यूटर की सेल भी शुरू कर दी है। हालांकि, एपल ने मैक प्रो की भारत में लॉन्चिंग को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। तो चलिए जानते हैं आखिर क्यों इस पर्सनल कंप्यूटर की कीमत लाखों में है...
कंपनी ने मैक प्रो के बेस वेरिएंट में एक्सडीआर डिस्प्ले दिया है। इसके साथ ही यूजर्स को इस डिवाइस में 32 जीबी रैम, ऑक्टा-कोर इंटेल (Xeon) सीपीयू, रेडिऑन प्रो 580 एक्स ग्राफिक्स के साथ 256 जीबी एसएसडी कार्ड का सपोर्ट मिलेगा। दूसरी तरफ कंपनी ने टॉप मॉडल की 40 लाख रुपये के करीब कीमत रखी है। कंपनी ने इस टॉप वेरिएंट में सबसे महंगा और दमदार प्रोसेसर दिया है।
कंपनी ने इस टॉप वेरिएंट में 7,000 डॉलर से ज्यादा की कीमत वाला 2.5 गीगा हर्ट्ज इंटेल Xeon W प्रोसेसर (28 कोर्स) और 56 थ्रेड और 4.4 गीगा हर्ट्ज तक का टर्बो बूस्ट दिया है। इसके साथ ही यूजर्स को इसमें 25,000 डॉलर वाली 1 टीबी रैम और 1,400 डॉलर से ज्यादा की कीमत वाली 4 टीबी एसएसडी कार्ड का सपोर्ट मिला है। वहीं, इन सभी कंप्यूटर पार्ट्स की कुल कीमत 39,399 डॉलर है।
कंपनी ने इस वेरियंट के टॉप मॉडल में 32 जीबी का ग्राफिक कार्ड दिया है, जिसकी कीमत 10,800 डॉलर है। इस कंप्यूटर में शानदार पिक्चर क्वालिटी के लिए 5,999 डॉलर की कीमत वाला प्रो डिस्प्ले एक्सडीआर दिया गया है। वहीं, यूजर्स को इस कंप्यूटर में स्टैंड (999 डॉलर), आफ्टबर्नर अक्सेलरेटर कार्ड (2,000 डॉलर) और मैक प्रो के वील्ज (400 डॉलर) का सपोर्ट मिलेगा। इन सभी कंप्यूटर पार्ट्स की कुल कीमत 59,597 डॉलर है।