Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   Rajasthan Zila Polls Reshape Rural Power Equations

राजस्थान: जिला प्रमुख चुनाव में किसका चला सियासी दांव, बहुमत के बावजूद क्यों हारी पार्टियां ?

Thu, 26 Nov 2026 07:44 AM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: सौरभ भट्ट Updated Thu, 26 Nov 2026 07:44 AM IST
सार
Register For Event

राजस्थान के जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने 24 और भाजपा ने 10 पद जीते। बीएपी और आरएलपी ने तीन जिलों में जीत दर्ज की। क्रॉस वोटिंग और लॉटरी ने समीकरण बदले।

विज्ञापन
Rajasthan Zila Polls Reshape Rural Power Equations
राजस्थान पंचायत चुनाव - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राजस्थान के जिला प्रमुख चुनाव में इस बार सिर्फ सदस्यों की संख्या से जीत तय नहीं हुई। कई जिलों में बहुमत होने के बावजूद पार्टियां अपना जिला प्रमुख नहीं बनवा सकीं, तो कहीं कम संख्या के बावजूद राजनीतिक जोड़तोड़ ने नतीजा बदल दिया। कांग्रेस ने 37 में से 24 जिलों में जिला प्रमुख बनाकर बढ़त हासिल की, लेकिन भाजपा ने भी अपने पास स्पष्ट बहुमत नहीं होने के बावजूद पांच जिलों में सत्ता हासिल की। चूरू में कांग्रेस का बहुमत बेअसर रहा, ब्यावर में भाजपा को एक वोट से हार मिली और डूंगरपुर में लॉटरी से जिला प्रमुख का फैसला हुआ।

विज्ञापन

इस चुनाव ने पंचायतों में राजनीतिक दलों की असली चुनौती भी सामने रखी है। जिला परिषद सदस्य जीतना एक बात है और उनके समर्थन से जिला प्रमुख बनवाना दूसरी। अंतिम नतीजों में क्रॉस वोटिंग, निर्दलीय सदस्यों और आखिरी समय के राजनीतिक समीकरणों की अहम भूमिका रही।

विज्ञापन

 चूरू में कांग्रेस के चार वोट कम पड़े, जबकि भाजपा प्रत्याशी को पांच वोट अधिक मिले। नागौर में 19 सदस्य होने के बावजूद आरएलपी प्रत्याशी पांचाराम को 22 वोट मिले। हालांकि, इन अंतरों को सीधे क्रॉस वोटिंग का प्रमाण नहीं माना जा सकता। निर्दलीय और दूसरी पार्टियों के सदस्यों का समर्थन भी इसकी वजह हो सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

क्षेत्रीय दलों ने दिखाई ताकत, त्रिशंकु परिषदों में बदले समीकरण

राजस्थान के 37 जिला प्रमुख पदों के चुनाव में कांग्रेस को 24, भाजपा को 10, बीएपी को दो और आरएलपी को एक सीट मिली। क्षेत्रीय दलों की जीत भले ही तीन जिलों तक सीमित रही, लेकिन इनका असर स्थानीय सत्ता के समीकरणों में साफ दिखाई दिया।

नागौर में आरएलपी के पांचाराम को 22 वोट मिले, जबकि पार्टी के पास 19 जिला परिषद सदस्य थे। यानी उन्हें तीन वोट अतिरिक्त मिले। आदिवासी बहुल बांसवाड़ा में बीएपी की रीना रावत ने 22 वोट हासिल कर जिला प्रमुख का पद जीता। यहां कांग्रेस के 21, बीएपी के 17 और भाजपा के पांच सदस्य थे। बीएपी की जीत में भाजपा के सदस्यों का समर्थन निर्णायक रहा। डूंगरपुर में बीएपी के अनुतोष रोट को भाजपा के बराबर 14 वोट मिले, लेकिन लॉटरी में जीत उनके खाते में गई।

इस तरह बीएपी ने बांसवाड़ा और डूंगरपुर में जिला प्रमुख बनाए, जबकि आरएलपी नागौर में अपना पद बचाने में सफल रही। ये नतीजे बताते हैं कि जहां किसी दल के पास स्पष्ट बहुमत नहीं है, वहां क्षेत्रीय दल और छोटे समूह जिला स्तर की सत्ता तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

बहुमत वाली परिषदों में भी नहीं चली पार्टियों की रणनीति

जिला प्रमुख चुनाव का सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि जिला परिषद में बहुमत होने के बावजूद कुछ पार्टियां अपना प्रत्याशी नहीं जिता सकीं। चूरू में कांग्रेस के 21 सदस्य थे, लेकिन उसकी प्रत्याशी प्रकाश देवी को केवल 17 वोट मिले। भाजपा की कनिका सिंह को 22 वोट मिले और वे जिला प्रमुख बन गईं। इस तरह कांग्रेस के चार वोट कम पड़े, जबकि भाजपा को अपने 17 सदस्यों से पांच अधिक वोट मिले।

ब्यावर में इसका उलट देखने को मिला। यहां भाजपा के 14 सदस्य होने के बावजूद उसकी प्रत्याशी निर्मला देवी को 13 वोट मिले। कांग्रेस की ममता गुर्जर ने 14 वोट लेकर एक वोट से जीत दर्ज की। सलूम्बर में भी भाजपा के सदस्यों की क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा कुमारी मीणा को जीत मिली। उदयपुर में भाजपा प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला को 27 वोट मिले, जबकि पार्टी के 24 सदस्य थे। कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह को 20 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के 22 सदस्य थे।

नौ जिलों में क्रॉस वोटिंग और भीतरघात की चर्चा

चुनाव के दौरान नौ जिलों उदयपुर, धौलपुर, ब्यावर, चूरू, सीकर, जोधपुर, अजमेर, डीग और जयपुर में क्रॉस वोटिंग या पार्टी के भीतर भीतरघात की चर्चाएं सामने आईं। इनमें चूरू, ब्यावर, सलूम्बर और उदयपुर के परिणामों में सदस्यों की संख्या और प्रत्याशियों को मिले वोटों का अंतर विशेष रूप से चर्चा में रहा।

हालांकि, निर्वाचन आयोग के फॉर्मेट-21 में प्रत्याशियों को मिले वोट दर्ज हैं, लेकिन किस सदस्य ने किसे वोट दिया, इसका विवरण नहीं है। इसलिए सभी नौ जिलों में क्रॉस वोटिंग की पुष्टि नहीं की जा सकती। पार्टी के सदस्यों की संख्या और प्रत्याशी के वोटों का अंतर संभावित भीतरघात या दूसरी पार्टियों के समर्थन का संकेत जरूर देता है।

बीकानेर में भी कांग्रेस के भीतर विवाद सामने आया। पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल अपनी बेटी सरिता को जिला प्रमुख बनवाना चाहते थे। टिकट नहीं मिलने पर सरिता निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरीं। कांग्रेस की निकिता करवासरा को 23 और सरिता को 18 वोट मिले। इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने गोविंद राम मेघवाल और उनकी बेटी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की।

आठ त्रिशंकु परिषदों में भाजपा ने पांच जगह बनाई बढ़त

जिला परिषद चुनाव के बाद आठ जिलों में किसी एक पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। इसके बावजूद भाजपा ने पांच जिलों में जिला प्रमुख बनवाए। इनमें बालोतरा, डीग, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़ और डीडवाना-कुचामन शामिल हैं। कांग्रेस को सलूम्बर में सफलता मिली, जबकि बीएपी ने बांसवाड़ा और डूंगरपुर में जीत दर्ज की।

नागौर में आरएलपी के पास पहले से बहुमत था और पार्टी ने अपना जिला प्रमुख बनवाया। इस तरह त्रिशंकु परिषदों में भाजपा और क्षेत्रीय दलों ने स्थानीय समर्थन जुटाकर अपने पक्ष में नतीजे किए।

दो जिलों में लॉटरी से निकला नतीजा

डूंगरपुर और डीडवाना-कुचामन में मुकाबला बराबरी पर पहुंचने के बाद लॉटरी से जिला प्रमुख का फैसला हुआ। डूंगरपुर में भाजपा और बीएपी को 14-14 वोट मिले। लॉटरी में बीएपी के अनुतोष रोट विजयी रहे।

डीडवाना-कुचामन में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों को 14-14 वोट मिले। यहां लॉटरी भाजपा के पक्ष में गई और बुद्धाराम गर्वा जिला प्रमुख निर्वाचित हुए। दूसरी ओर दौसा, जैसलमेर और सवाई माधोपुर में कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध जिला प्रमुख चुने गए।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed