बेटा बना हत्यारा: 75 साल के पिता की कुल्हाड़ी से हत्या, शव ले जाने के लिए बुलाई टैक्सी; बदबू से खुला पूरा राज
जयपुर के सांगानेर सदर में 75 वर्षीय बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हत्या के आरोप में छोटे बेटे को हिरासत में लिया गया। शव ठिकाने लगाने के लिए बुलाई टैक्सी से बदबू आने पर चालक ने पुलिस को सूचना दी, जिससे वारदात खुली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सांगानेर सदर क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग जगदीश की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने उनके छोटे बेटे सवाई राम जाट को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने 18 अगस्त की रात शराब के नशे में पिता से हुए विवाद के बाद उनकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के अंदर छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की मां सजनी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गांव ले जाने के लिए बुलाई थी टैक्सी
हत्या के बाद आरोपी शव को अपने गांव टोडारायसिंह ले जाकर अंतिम संस्कार करने की योजना बना रहा था। इसी के चलते उसने गुरुवार सुबह करीब सात बजे एक टैक्सी बुलाई। टैक्सी चालक जैसे ही घर के पास पहुंचा, उसे तेज बदबू आई। उसे किसी अनहोनी का शक हुआ और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
एसीपी चाकसू भवानी सिंह के अनुसार, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले आरोपी शव को पास के खाली प्लॉट में फेंकने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पढ़ें: आचार संहिता की कार्रवाई करने पहुंचे थे अकलेरा ईओ, अचानक पिता-पुत्र ने पकड़ लिया गिरेबान; जड़ दिए थप्पड़
बहू की हत्या के मामले में जेल जा चुका है परिवार
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक जगदीश मूल रूप से टोंक जिले के टोडारायसिंह का रहने वाला था और जयपुर के गोविंदपुरा में परिवार के साथ रह रहा था। परिवार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 में बहू की हत्या के मामले में जगदीश, उसकी पत्नी सजनी और दोनों बेटों को जेल हुई थी। इस मामले में बड़ा बेटा अभी भी जेल में बंद है। वहीं करीब चार महीने पहले जमानत मिलने के बाद जगदीश, उसकी पत्नी सजनी और छोटा बेटा सवाई राम जेल से बाहर आए थे। पुलिस अब हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।