पंजाब नेशनल बैंक ने अपने खाताधारकों के लिए एक अलर्ट जारी किया है। बैंक ने अपने ट्विटर अकाउंट पर ग्राहकों से कहा है कि एक स्पाईवेयर है जो कि बिना जानकारी के खातेधारकों के डाटा को चोरी कर रहा है। ऐसे में खाताधारकों को अपने पासवर्ड और पिन की जानकारी को बदल देना चाहिए।
फोन में ऐप के जरिए कर रहा है चोरी
बैंक ने कहा कि है कि फोन में अगर खाताधारकों ने पीएनबी का ऐप डाउनलोड कर रखा है, तो फिर उस ऐप में चोरी की जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि फोन में ग्राहक कोई ऐसा संदिग्ध ऐप डाउनलोड कर रहे हैं, जो ऐसी सेंधमारी कर रहा है।
पीएनबी ने ग्राहकों से कहा है कि वो कोई भी ऐसी ऐप या थीम इंस्टॉल न करें, जिसमें आपकी कॉल हिस्ट्री, मैसेज या अन्य जरूरी चीजों का एक्सेस मांगा जाए। स्पाईवेयर आपके डाटा का इस्तेमाल करके बैंक खाते से पैसे की चोरी कर सकता है। ऐसे में अलर्ट रहने की जरूरत है।
बैंक ने जारी की सावधानियां
बैंक ने ग्राहकों से कहा है कि वो अपने मोबाइल फोन में एक अच्छा एंटीवायरस डालें। इसके साथ ही मोबाइल में ऑपरेटिंग सिस्टम को भी अपडेट कर लें। पायरेटेड ऐप के इस्तेमाल से हमेशा बचे।
ऐसे काम करता है स्पाईवेयर
स्पाईवेयर भी एक प्रोग्राम की तरह काम करता है। इसे यूजर की जासूसी के लिए तैयार किया गया है। यह खुद को बैक ग्राउंड में छिपा कर आपकी ऑनलाइन एक्टिविटी को चेक करता है। यह आपकी आईडी, पासवर्ड, क्रेडिट कार्ड नंबर और नेट चलाने की आदत को पढ़ता है। स्पाईवेयर आपके कीबोर्ड, वीडियो और माइक्रोफोन को भी रिकॉर्ड कर सकता है।