फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Lifestyle ›   Health & Fitness ›   world first corneal transplant to regain sight after woman left completely blind

असंभव हुआ संभव: दुनिया में पहली बार डॉक्टरों का अनोखा प्रयोग, वर्षों से अंधी महिला की फिर लौट आई रोशनी

Mon, 31 Aug 2026 01:48 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अभिलाष श्रीवास्तव Updated Mon, 31 Aug 2026 01:48 PM IST
सार
Register For Event

इटली की 67 वर्षीय एलेना कार दुर्घटना के बाद पांच साल से अधिक समय तक पूरी तरह दृष्टिहीन थीं। डॉक्टरों ने उनकी बाईं आंख के स्वस्थ ऊतकों को निकालकर दाईं आंख में प्रत्यारोपित किया। अब एलेना दोबारा से देखने लगी हैं।

विज्ञापन
world first corneal transplant to regain sight after woman left completely blind
आंखों की अनोखी सर्जरी - फोटो : Amarujala.com/AI

विस्तार

क्या एक बार जा चुकी आंखों की रोशनी दोबारा से वापस आ सकती है? स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं ज्यादातर मामलों में ये काफी मुश्किल होता है, उम्र बढ़ने के साथ होने वाली समस्याओं में रोशनी ला पाना और भी कठिन हो जाता है। पर हाल ही में डॉक्टरों की एक टीम ने ऐसा कमाल कर दिखाया है जिसकी इन दिनों खूब चर्चा हो रही है।

विज्ञापन


67 वर्षीय महिला की एक कार एक्सीडेंट में आंखों की रोशनी चली गई थी। पांच साल से ज्यादा समय तक पूरी दुनिया उनके लिए अंधेरे में थी। न वो किसी का चेहरा पहचान सकती थीं और न ही अपने आसपास की चीजें देख सकती थीं। वह इस समस्या के लिए कई डॉक्टरों से मिल चुकी थीं, लेकिन कहीं से भी उन्हें अपनी समस्या का कोई इलाज नहीं मिल रहा था। आखिरकार डॉक्टरों की एक टीम ने ऐसा कमाल कर दिखाया जिसकी अब पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। 
विज्ञापन


67 वर्षीय एलेना की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि उनकी दोनों आंखों की समस्या एक जैसी नहीं थी।  गंभीर कार दुर्घटना ने उनकी बाईं आंख की ऑप्टिक नर्व को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा दिया था, ऑप्टिक नर्व ही आंख से दिमाग तक देखने का संदेश पहुंचाती है। उनकी आंख के बाकी हिस्से सुरक्षित थे, लेकिन दिमाग तक दृश्य संकेत पहुंचना बंद हो गया था। इसलिए आंख होने के बावजूद एलेना देख नहीं पा रही थीं। पर दुनिया की अपनी तरह की पहली सर्जरी कर डाक्टरों ने इस उम्र में भी उन्हें दुनिया को देखने की शक्ति दे दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

world first corneal transplant to regain sight after woman left completely blind
आंखों की जा चुकी रोशनी कैसे वापस आई? - फोटो : Adobe Stock

पहले पूरा मामला जान लीजिए

ये मामला इटली का है। 67 वर्षीय महिला एलेना एक गंभीर कार दुर्घटना के बाद पूरी तरह से अपनी आंखों की रोशनी खो चुकी थीं। हादसे में उनकी बाईं आंख की ऑप्टिक नर्व (दृष्टि तंत्रिका) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके कारण उनकी बाईं आंख से दिमाग तक रोशनी का संदेश पहुंचना बंद हो गया और वह देख नहीं पा रही थीं।

हैरानी की बात यह थी कि उनकी बाईं आंख के बाकी हिस्से पूरी तरह सुरक्षित थे, लेकिन ऑप्टिक नर्व के खराब होने के कारण आंख काम नहीं कर रही थी।

दाईं आंख में पहले से ही मैक्यूलर डिजनरेशन की समस्या थी। यह उम्र बढ़ने के साथ होने वाली आंख की बीमारी है, जिसमें आंख के उस हिस्से को नुकसान पहुंचता है जो साफ और बारीक चीजें देखने में मदद करता है। कार दुर्घटना के दौरान उनकी दाईं आंख में भी गंभीर चोट लगी और उनकी रेटिना और कॉर्निया को नुकसान पहुंचा।
 

  • रेटिना आंख के अंदर मौजूद वह संवेदनशील परत है जो रोशनी को तंत्रिका संकेतों में बदलती है और फिर इन संकेतों को ऑप्टिक नर्व के जरिए दिमाग तक भेजती है।
  • कॉर्निया आंख की सबसे बाहरी पारदर्शी परत होती है, जो रोशनी को आंख के अंदर सही तरीके से फोकस करने में मदद करती है।

world first corneal transplant to regain sight after woman left completely blind
आंखों की अपनी तरह की पहली सर्जरी - फोटो : Freepik.com

डॉक्टरों ने की अनोखी सर्जरी

स्थानीय रिपोर्ट्स से पता चलता है कि आंखों की इस समस्या को ठीक कराने के लिए  एलेना कई डॉक्टरों से मिलीं, कई जांच कराया। पर चूंकि उन्हें पहले से मैक्यूलर डिजनरेशन की भी समस्या थी, ऐसे में ज्यादातर डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए।

एक्सीडेंट के कारण आंख को हुए इस गंभीर नुकसान के कारण सामान्य स्थिति में किया जाने वाला कॉर्निया ट्रांसप्लांट यानी किसी दूसरे व्यक्ति से स्वस्थ कॉर्निया लगाना भी संभव नहीं था। नतीजा यह हुआ कि एलेना पांच साल से ज्यादा समय तक अपनी दोनों आंखों से पूरी तरह नहीं देख सकीं। आलम ये था कि दिखाई न देने के कारण उन्हें अपने रोजाना के काम करने के लिए भी दूसरों की मदद लेनी पड़ती थी।

लेकिन इसके बाद डॉक्टरों ने ऐसा कदम उठाया, जिसे दुनिया में पहली बार किया गया।

इटली के ट्यूरिन स्थित मोलिनेट हॉस्पिटल की यूनिवर्सिटी आई क्लिनिक के सर्जनों ने एलेना की बाईं आंख से स्वस्थ हिस्से को निकालकर उनकी दाईं आंख में ट्रांसप्लांट कर दिया। बाईं आंख के स्वस्थ हिस्से ने उनकी दाईं आंख की खराब संरचनाओं को सुधारने में मदद की।

world first corneal transplant to regain sight after woman left completely blind
लौट आई आंखों की जा चुकी रोशनी - फोटो : Adobe Stock Images

कॉर्निया सहित कई हिस्से किए गए ट्रांसप्लांट

प्रोफेसर मिशेल रीबाल्डी के नेतृत्व में की गई इस सर्जरी में सिर्फ कॉर्निया ही नहीं, बल्कि स्क्लेरा, कंजंक्टाइवा और पहली बार आंख की रेटिना के बीच के सबसे महत्वपूर्ण हिस्से मैक्युला को भी दूसरी आंख में ट्रांसप्लांट कर दिया गया।
 

  • स्क्लेरा आंख की सफेद और मजबूत बाहरी परत होती है। यह आंख के आकार को बनाए रखने और आंख की मांसपेशियों को उसे घुमाने में मदद करती है।
  • कंजंक्टाइवा आंख की सतह को ढकने वाली पतली झिल्ली होती है। यह आंख को नम रखने और धूल-मिट्टी जैसी बाहरी चीजों से बचाने में मदद करती है।
  • मैक्युला रेटिना के बीच का वह बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां से हमें सबसे साफ और बारीक दिखाई देता है। किताब पढ़ने, चेहरे पहचानने, छोटी चीजों को स्पष्ट देखने और गाड़ी चलाने जैसी गतिविधियों के लिए मैक्युला ही मदद करती है। 


डॉक्टरों ने बताया कि ये दुनिया की पहली ऐसी सर्जरी है जिसमें आंख से स्वस्थ ऊतक लेकर उसे उनकी दाईं आंख में लगाया। इससे दो काफी हद तक खराब आंखों के बीच,एक ऐसी आंख तैयार हो गई जिससे उन्हें फिर से दिखाई देने लगा।

प्रोफेसर रीबाल्डी कहते हैं, इस सर्जरी के शुरुआती नतीजे काफी उत्साह बढ़ाने वाले हैं। यह प्रक्रिया आंखों की सर्जरी के क्षेत्र में एक नई दिशा खोल सकती है। इससे पहले आंख की रेटिना के बीच वाले हिस्से को दूसरी जगह प्रत्यारोपित करना संभव नहीं था। अब डॉक्टरों की टीम यह देख रही है कि ट्रांसप्लांटेड रेटिना समय के साथ कितनी अच्छी तरह से काम करती है?

मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक  इस पूरी मेहनत का सबसे भावुक और खास पल तब आया, जब एलेना ने ऑपरेशन के बाद दोबारा आंखें खोलीं और अपने बेटे का चेहरा पहचान लिया। ऑपरेशन के बाद एलेना की स्थिति लगातार अच्छी बनी हुई है। बार-बार की गई जांचों में भी यह पुष्टि हुई है कि ट्रांसप्लांट सफल रहा है और उनकी दाईं आंख धीरे-धीरे काम करने की क्षमता विकसित कर रही है।



--------------
स्रोत:
Autotrapianto della retina centrale, intervento eseguito per la prima volta al mondo alle Molinette


अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

विज्ञापन
विज्ञापन

सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें  लाइफ़ स्टाइल से संबंधित समाचार (Lifestyle News in Hindi), लाइफ़स्टाइल जगत (Lifestyle section) की अन्य खबरें जैसे हेल्थ एंड फिटनेस न्यूज़ (Health  and fitness news), लाइव फैशन न्यूज़, (live fashion news) लेटेस्ट फूड न्यूज़ इन हिंदी, (latest food news) रिलेशनशिप न्यूज़ (relationship news in Hindi) और यात्रा (travel news in Hindi)  आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़ (Hindi News)।  

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed