आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

सह जाती हूँ मैं... क्योंकि मेरी माँ भी सहती है

                
                                                         
                            बचपन से ही ख्वाहिशें छीन ली जाती हैं,
                                                                 
                            
हर बार समझौते की सीख दी जाती है।
सह जाती हूँ मैं,
क्योंकि मेरी माँ भी सहती है...

स्कूल पहुँचते ही भेदभाव सिखाया जाता है,
बेटा-बेटी का अंतर समझाया जाता है।
माँ कहती है, चुप रह बेटी, सह ले,
क्योंकि तेरी माँ भी सहती है...

समाज भी मुझ पर ही उँगलियाँ उठाता है,
बलात्कार जैसे अपराध का दोष भी मुझ पर लगाता है।
गुनहगार कोई और होता है,
लेकिन कटघरे में मुझे ही खड़ा किया जाता है।
सब कुछ खामोशी से सह जाती हूँ मैं,
क्योंकि मेरी माँ भी सहती है...

मेरी मर्ज़ी पूछे बिना ही
मेरी शादी तय कर दी जाती है।
मेरे सपनों से पहले
परिवार की इज़्ज़त रखी जाती है।
सह जाती हूँ मैं,
क्योंकि मेरी माँ भी सहती है...

मायके से विदा कर दी जाती हूँ,
कुछ ऐसी शर्तों के साथ भेजी जाती हूँ—
बेटी डोली में जा रही है,
अब अर्थी में ही वापस आएगी।
उस डर को भी सीने में दबा जाती हूँ,
क्योंकि मेरी माँ भी सहती है...

स्वागत के समय हुई छोटी-सी नादानी पर
कुलक्षिणी का नाम दे दिया जाता है।
एक अनजान घर में कदम रखते ही
मेरे चरित्र का फैसला सुना दिया जाता है।
सह जाती हूँ मैं,
क्योंकि मेरी माँ भी सहती है...

कभी मारा जाता है, कभी पीटा जाता है,
कभी हाथ तो कभी पैर उठाया जाता है।
जिस घर को अपना बनाने आई थी,
उसी घर में पराया समझा जाता है।
फिर भी सह जाती हूँ मैं,
क्योंकि मेरी माँ भी सहती है...

मेरी छोटी-छोटी गलतियों पर
मेरे माता-पिता को सुनाया जाता है।
मेरी चुप्पी को मेरी सहमति समझकर
हर बार मुझे ही झुकाया जाता है।
सह जाती हूँ मैं,
क्योंकि मेरी माँ भी सहती है...

चंद कागज़ के टुकड़ों के लिए
मेरे अस्तित्व को दाँव पर लगा दिया जाता है।
दहेज के नाम पर कभी
ज़िंदा जला दिया जाता है।
फिर भी सह जाती हूँ मैं,
क्योंकि मेरी माँ भी सहती है...

कभी भूखा सुलाया जाता है,
कभी भूख से तड़पाया जाता है।
क्या मेरी भूख, भूख नहीं?
क्या मेरा दर्द, दर्द नहीं?
फिर भी सह जाती हूँ मैं,
क्योंकि मेरी माँ भी सहती है...

मायका छोड़कर आती हूँ
ससुराल के हर रिश्ते को अपना बनाने।
पर अपनी पहचान खोकर भी
रह जाती हूँ दूसरे घर की बेटी बनकर।
आखिर मेरा अपना घर कौन-सा है?
क्या मेरा कोई घर नहीं?
फिर भी सह जाती हूँ मैं,
क्योंकि मेरी माँ भी सहती है...

विश्वासघात भी अपनों से मिलता है,
हर दर्द का ज़हर खामोशी से पीना पड़ता है।
घुट-घुटकर जीना भी सीख जाती हूँ,
हाँ, यह भी सह जाती हूँ मैं,
क्योंकि मेरी माँ भी सहती है...

बच्चों को पिता का नाम दिया जाता है,
माँ की पहचान को पीछे कर दिया जाता है।
क्या मेरा कोई अस्तित्व नहीं?
क्या मेरी पहचान सिर्फ किसी की पत्नी और माँ होना है?
सह जाती हूँ मैं,
क्योंकि मेरी माँ भी सहती है...

कौन कहता है कि अत्याचार सिर्फ बाहर वाले करते हैं?
मैंने तो अपनों को ही ज़ख्म देते देखा है।
जिनसे सबसे अधिक उम्मीदें थीं,
उन्हीं को दर्द देते देखा है।
हाँ, इसलिए सह जाती हूँ मैं,
क्योंकि मेरी माँ भी सहती है...

लेकिन अब एक सवाल है...

आखिर कब तक सहती रहूँगी मैं?
कब तक मेरी बेटी भी यही सीखेगी?
कब तक एक पीढ़ी का दर्द
दूसरी पीढ़ी को विरासत में मिलेगा?

माँ ने सहा, इसलिए मैं सहूँ,
मैं सहूँ, इसलिए मेरी बेटी भी सहे?
क्या यही हमारी परंपरा है?
क्या यही नारी की नियति है?

याद रखना...

सज़ा सिर्फ वह नहीं होती
जो मरने के बाद दी जाती है,
सज़ा तो वह होती है
जो किसी को जीते-जी दी जाती है।

औरत का जन्म सहने के लिए नहीं हुआ,
उसे भी जीने, चुनने,
सपने देखने और सम्मान पाने का अधिकार है।

अब सहना नहीं, सवाल करना सीखना होगा।
क्योंकि मेरी बेटी को यह नहीं कहना चाहिए—

सह जाती हूँ मैं, क्योंकि मेरी माँ भी सहती थी...
— पूजा सिंह
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
33 मिनट पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर