आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

गिरिराज की छाँव (गोवर्धन पूजा गीत)

                
                                                         
                            गिरिराज की छाँव
                                                                 
                            
(गोवर्धन पूजा गीत)

गोवर्धन की पूजा आई,
महक उठा ब्रजधाम।
आँगन में गिरिराज विराजे,
अधरों पर घनश्याम॥

तृण से गोधन, जल से जीवन,
वन से शीतल छाँव।
गिरिराज की गोद में पलता,
कान्हा का ब्रजगाँव॥

इन्द्र-कोप से मेघ घिरे जब,
काँपा सारा गाँव।
भीगे बछड़े, सहमे बालक,
ढूँढ़ रहे थे छाँव॥

कनिष्ठिका पर गिरि सँभाले,
खड़े रहे घनश्याम।
सात दिनों तक भूख बिसारी,
ब्रज को दिया विश्राम॥

गोबर से गिरिराज रचे हैं,
फूलों का शृंगार।
गौ के माथे रोली दमके,
घर-घर जय-जयकार॥

अन्नकूट के भोग सजे हैं,
महके घर का धाम।
पहली थाली धरते ही माँ,
लेती हरि का नाम॥

धूप-दीप से पूज रहे हैं,
अपने सब औज़ार।
विश्वकर्मा, इन हाथों में दो,
सृजन-शक्ति अपार॥

परिक्रमा में साथ चले हैं,
छोटे-बड़े तमाम।
पग-पग पर विश्वास सँभाले,
गूँजे राधेश्याम॥

आज नगर में मन तरसे है,
वन, पनघट, गोचार।
एक हरी पत्ती में भी अब,
दिखता तेरा प्यार॥

उस दिन ब्रज को शरण मिली थी,
आज हमें भी थाम।
बाहर कितनी धूप बढ़ी है,
भीतर बस, घनश्याम॥
— संतोष कुमार शर्मा ‘विश्वम्
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
31 मिनट पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर