माँ! मुझको वरदान नहीं, बस तेरा विश्वास चाहिए,
जब राहें मौन हो जाएँ, तब तेरा एहसास चाहिए।
मैंने जग से माँगा बहुत, जग ने मुझको समझाया,
जिसको अपना समझा माँ, उसने ही ठुकराया।
अब न किसी से शिकायत है, न कोई फरियाद रही,
तेरे दर पर आकर माँ, हर इच्छा निष्प्राण हुई।
मुझे सोने का महल नहीं, तेरे चरणों की धूल मिले,
मेरे हिस्से में चाहे धूप रहे, पर मन को शीतल फूल मिले।
तू चाहे तो काँटों पर भी नंगे पाँव चला देना,
बस चलते-चलते माँ, अपना आँचल थमा देना।
मैं टूटूँ तो बिखरने मत देना,
मैं रूठूँ तो भूलने मत देना,
मेरे भीतर जो अहंकार पले, उसे जड़ से मिटा देना,
मेरे मन में जो प्रेम बचे, उसे और गहरा बना देना।
न सिद्धि चाहिए, न प्रसिद्धि, न संसार का सम्मान चाहिए,
तेरी इच्छा में ढल जाऊँ, बस इतना ज्ञान चाहिए।
मेरे कर्मों में सच्चाई हो, मेरी वाणी में करुणा हो,
मेरी आँखों में सत्य रहे, मेरे हृदय में साधना हो।
माँ! मैं तुझसे सुख नहीं, सहने की शक्ति माँगती हूँ,
हर कठिन परीक्षा में अपनी भक्ति माँगती हूँ।
जब कोई साथ न हो, तब तू मेरे पास रहे,
जब कोई साथ न हो, तब तेरा आभास रहे।
और जब अंतिम साँस कभी इस देह से विदा हो,
न कोई पछतावा हो, न कोई अधूरी दुआ हो।
बस इतना हो माँ, मेरे जीवन का सार यही रहे—
मैं तेरी होकर आई थी, और तेरी होकर जाऊँ।
मुझे भक्त नहीं, माँ! अपना बच्चा बनाए रखना,
मैं संसार में कहीं भी रहूँ,
मुझे अपने हृदय में बसाए रखना।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X