तुमने ही घाव दिए,
तुमने ही मरहम का स्वाँग रचा,
कभी मेरी संवेदनाओं को तिरस्कृत किया,
कभी आत्मीयता का छद्म आवरण ओढ़ा,
और मैं तुम्हारे इस कपट को
प्रेम समझती रही।
कभी मेरी ख़ामोशी को मेरी दुर्बलता ठहराया,
कभी मेरे अश्रुओं को अतिशयोक्ति बतलाया,
मेरे आत्मसम्मान को बारंबार आहत कर
मेरे समर्पण की पराकाष्ठा परखते रहे,
और मैं तुम्हारी स्वीकृति को
प्रेम समझती रही।
तुमने मुझे मेरी ही दृष्टि में
अपूर्ण, अपर्याप्त और दोषपूर्ण ठहराया,
फिर अपनी क्षणिक प्रशंसा से
मेरे समूचे अस्तित्व को बहलाया,
और मैं तुम्हारी क्षणभंगुर प्रशंसा को
प्रेम समझती रही।
तुम्हारी बेरुख़ी को विवशता,
तुम्हारी उपेक्षा को व्यस्तता,
तुम्हारे छल को परिस्थितियों की विडंबना कहती रही,
तुम्हारे प्रत्येक अपराध के पक्ष में
नित नए औचित्य गढ़ती रही,
और अपनी ही आत्मवंचना को
प्रेम समझती रही।
तुम्हें खो देने के भय में
मैं स्वयं को तिल-तिल विस्मृत करती रही,
तुम्हारे परिवर्तन की प्रतीक्षा में
अपने ही जीवन के स्वर्णिम क्षण खोती रही,
तुम्हारे उद्धार आशा में
अपनी स्वतंत्रता से समझौता करती रही,
और अपनी ही आत्मपराजय को
प्रेम समझती रही।
तुम बंधन को संबंध कहते रहे,
और मैं हर बार
अपनी पराजय को
प्रेम समझती रही।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X