काश हम भी कभी आवारों की तरह जी पाते,
काश हमारे भी हिस्से में किसी के उलाहने आते।
उड़ते फिरते आसमान के आज़ाद परिंदों की तरह,
जिनके इंतज़ार में दरख़्त मुद्दतों तन्हा खड़े रहते।
हम भी कभी बिखरते किसी रास्ते की धूल बनकर,
किसी अज़ीज़ के क़दम हमें समेटने को ठहर जाते।
शाम ढले जब मिलते अपनी ख़ामोशी से लिपटकर,
कोई तो पूछता कि हम इतनी देर कहाँ बिताते।
मुसाफ़िर बने फिरते हर गली, हर एक मोड़ पर,
काश उसकी गली में अपने भी कुछ निशान रह जाते।
न कुछ सुनते, न कुछ कहते, 'अगस्त्य' आँखें मूँदे रहते,
नज़र से ओझल होकर भी किसी को याद रह जाते।
-राजेश शर्मा 'अगस्त्य'
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X