तुम्हारा मिलना कैसा है?
तुम्हारा मिलना बिल्कुल वैसा ही है,
जैसा मौसम हो जाता है ठीक बारिश के पहले।
तुम्हें देखना कैसा है?
तुम्हें देखना बिल्कुल वैसा ही है,
जैसे ठीक बारिश के पहले काले बादलों को घिरते हुए देखना।
तुम्हारी खुश्बू कैसी है?
तुम्हारी खुश्बू ठीक वैसी ही है,
जैसे पहली बारिश के बाद मिट्टी महकती है।
तुम्हारा छूना कैसा है?
तुम्हारा छूना बिलकुल वैसा ही है,
जैसे बारिश की हल्की फुहारें
खिड़कियों से होते हुए पड़ती हैं तन पर।
तुम्हारी मुस्कुराहट कैसी है?
तुम्हारी मुस्कुराहट बिल्कुल वैसी है,
जैसे घनघोर प्रेमपूर्ण बरसात के बीच चमकती हो बिजलियां।
तुम्हारा होना क्या है?
तुम्हारा होना वही सुकून है,
जो बारिश के मौसम में फ़िज़ाओं में बिखर जाती है।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X