कुछ टूटे हुए ख़्वाब, कुछ अधूरे अल्फ़ाज़
नहीं करना प्यार अब मुझे किसी से,
नहीं करना इज़हार अब किसी से,
बहुत सहेजकर रखा था एक दिल मैंने,
अब डर लगता है इसे लगाने से किसी पे।
बदले में प्यार नहीं मिलता,
अक्सर अपना ही दिल टूट जाता है,
जिसे हम अपनी दुनिया समझ बैठते हैं,
वही किसी और की दुनिया बन जाता है।
एक लड़की से मोहब्बत की थी मैंने,
अपनी कलम से उसकी तस्वीर बनाई थी,
उसकी आँखों को लफ़्ज़ों में उतारा था,
उसकी हर अदा पर शायरी सजाई थी।
मैंने तो उसे अपनी हर नज़्म में रखा,
अपने हर ख़्वाब में उसका नाम लिखा,
वो मेरी मोहब्बत की गहराई क्या समझती,
जब उसकी राहें किसी और दिशा में मुड़ गईं।
टूटकर बिखरा था मैं उस पल,
जब उसने ख़ुद को किसी और का बताया,
लबों से बस इतना ही निकला मेरे,
कि ऐसा मत करो, दिल ने बहुत समझाया।
मगर उस पल मेरी भावनाएँ अनकही रह गईं,
और उसके फ़ैसले के आगे मेरी चाहत ठहर गई,
मैं जिस रिश्ते को उम्रभर लिखना चाहता था,
वह कहानी वहीं अधूरी रह गई।
अब न कोई शिकायत है उससे,
न कोई सवाल बाकी है,
बस अपनी ही कलम से पूछता हूँ,
क्या मोहब्बत करना इतनी बड़ी ख़ता है?
अब लिखूँगा तो ख़ुद के लिए लिखूँगा,
किसी की आँखों में अपना घर नहीं ढूँढूँगा,
बहुत लिख लिया किसी की ख़ूबसूरती पर,
अब अपने ज़ख़्मों को अल्फ़ाज़ दूँगा।
और आख़िर में बस इतना कहूँगा,
नहीं करना प्यार अब मुझे किसी से,
ये दिल अब किसी की अमानत नहीं बनेगा,
जिस राह पर मेरी चाहत को मंज़िल न मिली,
उस राह पर अब मेरी कलम नहीं चलेगी।
मगर एक बात याद रखना ऐ दिल,
मोहब्बत करना तेरी ग़लती नहीं थी,
ग़लती बस इतनी थी कि तूने अपना सब कुछ,
उस उम्मीद पर लुटा दिया,जहाँ तेरे हिस्से में शायद
मोहब्बत लिखी ही नहीं थी।
-कार्तिकेय
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X