वक़्त की आरी
वक़्त बड़ा धारदार होता है,
कट तो जाता है...
मगर बहुत कुछ काटने के बाद!
ये जो सरकती हुई सी सुई है न,
ये कोई सीधा-साधा रास्ता नहीं चलती;
ये तो एक आरी है,
जो चुपचाप चलती है,
और हमारे भीतर कुछ न कुछ कतरती रहती है।
कभी किसी ख़त का कोना काट देती है,
तो कभी किसी के आने का इंतज़ार छोटा कर देती है।
इसकी धार इतनी महीन है कि लहू भी नहीं निकलता,
बस... देखते ही देखते,
हथेली पर रखी हुई मासूमियत कट जाती है।
दराज़ में रक्खी वो जो पुरानी तस्वीरें थीं,
उनका रंग काट दिया इसने!
वो जो एक ज़माने में बहुत गहरा सा रिश्ता था,
उसकी डोर को ज़रा सा छुआ,
और सिरा काट दिया इसने।
गुलदान में सजे उन फूलों से पूछो,
कि ये रात भर में उनकी महक का कितना हिस्सा चुरा ले गया?
तकिये के नीचे छुपे उस ख़्वाब से पूछो,
कि सुबह की उजली कैंची से उसका कितना वजूद काट गया?
वक़्त कट तो जाता है...
पर जाते-जाते,
सीने में धड़कते हुए उस अल्हड़ से बचपन का,
एक बड़ा सा टुकड़ा काट ले जाता है।
पीछे छोड़ जाता है—
सिर्फ़ तजुर्बों के कुछ सूखे हुए पत्ते,
और डायरी के पन्नों पर फैली हुई कुछ सूनी लकीरें!
सुनो 'कपिल', ये जो वक़्त है न...
ये सचमुच बड़ा धारदार होता है!
-कपिल देव जुल्का
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X