शाम के साए जब ज़मीन को छूने लगें,
और तन्हाई की धूप चटकने लगे,
तब तुम डरना मत...
कि तुम अकेले खड़े हो!
सत्य कोई राहगीर नहीं,
जो कारवाँ ढूँढता फिरे।
वो तो ख़ुद एक रास्ता है,
जिस पर ज़माना चलता है।
तुमने जब थाम लिया हाथ सच का,
तो तुम तन्हा कहाँ रहे?
तुम्हारे पीछे सदियों का सब्र खड़ा है,
तुम्हारे कंधों पर कसीदे बुनती हुई उम्मीदें हैं।
झूठ का शोर तो बस एक पल की नुमाइश है,
काग़ज़ की कश्तियों की तरह बह जाता है।
पर सच... सच तो वो सोंधी सी मिट्टी है,
जो हर तूफ़ान के बाद भी यहीं रह जाता है।
जब तुम सच के साथ खड़े होते हो,
तो कायनात की हर धड़कन,
तुम्हारी तन्हाई का हाथ थाम लेती है।
सूरज की पहली किरण,
और पत्तों की सरसराहट,
तुम्हारे हक़ में गवाही देती है।
भीड़ में खो जाना बहुत आसान है,
पर सच के साथ अकेले दिखना ही तो पहचान है।
तुम अकेले नहीं हो ऐ 'कपिल',
तुम्हारे साथ ख़ुद ख़ुदा का इम्तिहान है।
क्योंकि जो सच के साथ है,
वो कभी अकेला हो ही नहीं सकता...
वो कभी अकेला हो ही नहीं सकता।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X