कच्चे लोहे की गहरी, स्याह खदानों में,
मैं निकला था बस एक सोने का कतरा ढूँढने...
मगर 23 नवंबर की उस मुबारक घड़ी में,
क़िस्मत की मुट्ठी खुली, तो हाथ लगा एक ‘पारस’—तुम्हारा साथ।
तुमने छुआ, और मेरे हर खुरदुरे लम्हे को
खालिस कुंदन कर दिया।
वक़्त की भट्टी में तपकर,
ज़िंदगी की आँच पर पककर,
नवंबर की गुनगुनी धूप-सा यह सफ़र,
आज अनगिनत हीरों से जगमगा रहा है।
अब घर की दहलीज़ पर
गहनों की खनक नहीं,
नन्हे क़दमों की आहट गूँजती है।
समायरा की हँसी में चाँदी की झंकार है,
और अगस्त्य की शरारतों में
सुबह की पहली किरण का उजाला।
यूँ तो तिजोरी में आभूषण बहुत हैं,
मगर असली ज़ेवर तो वो पुकार है—
जब ‘नानी-नानू’ और ‘दादी-दादू’ की मीठी, तोतली गूँज,
हवा में घुलकर हमारे चेहरों की झुर्रियों को भी
रेशम कर जाती है।
लोहे से शुरू हुआ था जो सफ़र,
23 नवंबर के पारस पर ठहरा,
और आज हीरों की चमक में मुस्कुरा रहा है।
शादी की सालगिरह बहुत-बहुत मुबारक हो।
-कपिल देव जुल्का
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X