पानी के भीतर ही साँस लेती है नाव,
डूबती नहीं, बस बहती रहती है—
हल्की-सी एक काठ की काया,
मगर लहरों की गहराई को
अपनी पीठ पर सह लेती है।
घाट से उठी हर पुकार को
वह चुपचाप सुनती है,
भीगे हुए ख़्वाबों की गठरी
और थके हुए क़दमों को
अपने सीने में बुनती है।
ख़ुद तर रहती है रात-ओ-दिन,
भँवरों की उँगलियाँ
हर पल उसका दामन छूती हैं,
फिर भी उस पार पहुँचने तक
किसी का साथ नहीं छोड़ती।
शायद ख़ुदा भी बड़ी तौल-मोल कर
सौंपता है ज़िम्मेदारियाँ—
उन्हीं कंधों को,
जो औरों का बोझ उठाकर भी
मुस्कुराना जानते हैं।
'कपिल', ज़िंदगी का असली मर्म
उसी काठ में धड़कता है—
जो ख़ुद जल में रहकर भी
औरों को पार उतार दे।
-कपिल देव जुल्का
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X