धूप की तरह कुछ चेहरे होते हैं,
जो खिलते पहले हैं, और नज़र बाद में मिलाते हैं...
वो जो मुस्कुरा कर देखते हैं ना,
उनकी आँखों में कोई हिसाब नहीं होता।
बस एक भीगी-सी नर्मी होती है,
जैसे सुबह की पहली ओस ने
किसी अनजान पत्ते का माथा चूम लिया हो।
वहाँ 'मैं' और 'तुम' के बीच कोई दहलीज़ नहीं होती,
बस एक बेबाक अपनापन होता है, जो सीधे रूह तक उतर जाता है।
और एक वो होते हैं,
जो देख कर मुस्कुराते हैं...
उनके होंठों की सिलवटों में
अक्सर वक़्त की कोई पुरानी गिरह बँधी होती है।
वो मुस्कान, जो चेहरे को पढ़कर ओढ़ी जाती है—
कभी किसी रस्म का लिहाफ़ बनकर,
तो कभी किसी अनकहे तंज़ की महीन धार लिए।
उसमें नमी कम, और नज़ाकत के नक़ाब ज़्यादा होते हैं।
बस, ज़रा-सा ही तो फ़र्क़ है—
लफ़्ज़ों के आगे-पीछे हो जाने का,
और एहसास के बदल जाने का।
ऐ 'कपिल', इस छोटे से हेर-फेर में
जाने कितनी कहानियों के अंजाम बदल जाते हैं,
कहीं अजनबी भी उम्र भर के हमसफ़र हो जाते हैं,
तो कहीं बरसों के रिश्ते, बस एक नज़र में ही
अजनबी होकर बिखर जाते हैं।
-कपिल देव जुल्का
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X