आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

मुझे मंज़िल से अधिक अपने सफ़र पर अभिमान है

                
                                                         
                            मेरी हथेली की लकीरों में,
                                                                 
                            
कितने अधूरे ख़्वाब मिले ।
कुछ रास्ते पथरीले निकले,
कुछ अपने ही बेहिसाब मिले।

मैंने जब भी कदम बढ़ाए,
मुश्किल ने दी दस्तक आकर।
लेकिन मैं चलती रही निरंतर,
अपनी हिम्मत को साथी बनाकर ।

कभी धूप ने मुझसे पूछा ,
तेरे साए कहा गए ?
कभी रात ने आकर पूछा,
तेरे सपने कहा गए?

मैंने हंसकर दोनों से कहा,
अभी कहानी बाकी है।
मेरी आंखों में पलती हुई ,
एक नई सुबह की झांकी है।

मेरे हिस्से में महल नहीं थे,
न रेशम की चादर थी।
बस मेहनत की एक गठरी थी,
और उम्मीद की चादर थी।

कभी भूख ने सपनों को मेरे ,
चुपके से आज़माया था।
कभी हालातों ने मुझको ,
भीतर तक झकझोर गिराया था।

कई बार आंसू पीकर मैंने,
होंठों पर मुस्कान रखी।
अपने दर्द की गठरी बांधी ,
और सीने में उड़ान रखी ।

जिन राहों पर फूल नहीं थे ,
उन राहों पर चलना सीखा।
जिसने मुझको तोड़ना चाहा,
उससे भी संभलना सीखा।

मेरी चुप्पी को दुनिया ने,
मेरी कमज़ोरी समझ लिया ।
मेरे सीधेपन को लोगों ने ,
मेरी लाचारी समझ लिया।

पर कौन समझेगा उस मन को ,
जो हर रात अकेला रोता है ।
दिनभर दुनिया से लड़ने वाला,
रात को खुद से लड़ता है।

मैंने अपने घावों से ही ,
जीने का विज्ञान लिखा ।
अपने टूटे अरमानों से,
नया आत्मसम्मान लिखा।

मेरे पसीने की हर बूंद में ,
एक कहानी पलती है।
मेरी मेहनत की मिट्टी से ही,
मेरी तकदीर निकलती है।

नहीं चाहिए दया किसी की ,
न झूठी प्रशंसा का हार।
अपने श्रम की रोशनी से,
कर लूंगी जीवन उजियार।

मुझे गिराकर खुश होने वालों,
इतना याद रख लेना।
मैं पत्थर नहीं जो टूट जाऊं,
मैं बीज हूं, फिर उग आऊंगी।

जब कभी इतिहास लिखेगा ,
मेहनत करने वालों का नाम।
उसमें मेरी भी जगह होगी,
चाहे छोटा हो मेरा मुकाम ।

क्योंकि मैंने हार के आगे ,
अपना माथा नहीं झुकाया।
अंधियारे की छाती चीरकर,
आशा का दीप जलाया।

अब मेरी कलम की स्याही में ,
केवल शब्द नहीं बहते हैं ।
इसमें मेरे संघर्षों के,
अनगिनत मौसम रहते हैं।

हर आंसू एक अक्षर बनकर ,
कागज़ पर उतर जाता है ।
हर दर्द मेरी कविता बनकर ,
दुनिया को कुछ कह जाता है।

मैं अपनी कहानी खुद लिखूंगी ,
चाहे कितनी रात घनी हो।
मेरे हौसलों की लौ जलती रहे,
चाहे राह कितनी कठिन हो।

मुझे मंज़िल से अधिक अपने सफ़र पर अभिमान है ,
क्योंकि मेरे जीवन की सबसे सुंदर रचना -
मेरे संघर्ष की स्याही से लिखा मेरा आत्मसम्मान है।
-काजोल उइके
 
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
24 मिनट पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर