कभी पेड़ों की खामोशी को सुनकर देखना ,
उनके भीतर छिपे धैर्य को चुनकर देखना।
वे पत्थर मारने वालों को भी फल देते हैं,
कभी उनके जैसा उदार बनकर देखना।
नदी ने कभी अपना रास्ता नहीं मांगा ,
पत्थरों से टकराकर भी हार नहीं माना।
जहां राह में बाधाओं के पहरे मिले,
वहीं उसने नया रास्ता बनाना जाना ।
पहाड़ ने ऊंचाई का अभिमान नहीं किया,
आंधियों से कभी कोई समझौता नहीं किया।
बादलों का बोझ अपने सिर पर लेकर भी,
धरती से अपना रिश्ता कम नहीं किया।
धरती ने सबके पांवों के निशान संभाले,
चाहे राजा हों या मेहनत करने वाले।
उसने कभी भेदभाव की भाषा नहीं सीखी,
सबको जगह दी अपने आंचल के हवाले ।
लेकिन मनुष्य कितना स्वार्थी हो गया,
अपनी ही सांसों का दुश्मन हो गया।
जिस वृक्ष ने जीवन भर छाया दी उसे,
उसी को काटकर वह विजेता हो गया।
अब भी समय है , कुछ समझने की जरूरत है,
हर सूखी डाल को फिर से हरा करने की जरूरत है।
प्रकृति कोई विरासत भर नहीं हमारे लिए,
इसे आने वाले पीढ़ियों को सौंपने की जरूरत है।
आओ, मिट्टी से फिर रिश्ता जोड़ें,
सूखी धरती पर उम्मीद के बीज बोएं।
केवल अपने लिए नहीं, आने वाले कल के लिए,
एक पेड़ लगाकर जीवन का कर्ज चुकाएं।
जिस दिन मनुष्य प्रकृति को अपनी संपत्ति नहीं,
अपना परिवार समझने लगेगा ,
उसी दिन धरती सचमुच स्वर्ग बन जाएगी।
-काजोल उइके
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X