सर्दियों की एक सुबह थी,
ठिठुर रहे थे फूलों के पौधे,
ओस की ठंडी चादर ओढ़े,
मौन खड़े थे गमलों में बेचारे।
बालमन में करुणा जागी,
दया ने ली एक मीठी अँगड़ाई,
मम्मी की नज़रों से बचकर
उसने गरम चाय पौधों को पिलाई।
पौधे काँपे, फिर मुरझाए,
पत्तों ने चुपचाप सिर झुकाए,
बच्चे की आँखों में खुशी के
आनंदाश्रु झिलमिलाए।
दौड़ा-दौड़ा मम्मी के पास,
अपना करुण-कर्म दिखाने,
लेकिन मम्मी ने स्वागत किया
गालियों के शाही नज़राने से!
फिर बरसी थप्पड़ों की सौगात,
दया का मिला अनोखा पुरस्कार,
कराह उठा वह नन्हा मन,
टूट गया करुणा का संसार।
होंठों पर उभरे कुछ शब्द,
आँखों में सिमटा आक्रोश था,
"अब कभी किसी की मदद न करूँगा!"
बस, यही उसका अंतिम घोष था।
और उसी क्षण, उसी जगह,
करुणा ने दम तोड़ दिया,
मासूमियत के गर्भ से जैसे
क्रूरता ने जन्म ले लिया!
एक बच्चा बड़ा नहीं हुआ था,
बस एक क्रूर इंसान पैदा हुआ था!
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X