हुआ प्रभात, जैसे कोई आया हो पंछी पंख फैलाकर,
दूर हुआ अब तमस निशा का, किरणें उतरीं मुस्काकर।
चहक उठा अब पंछी डाल पर, चलती है समीर मंद-मंद,
गूँज रही है गलियों में फिर, बैलगाड़ी की मधुर खन-खन।
लेने लगी अंगड़ाई अब, सोई हुई फूल-कलियाँ,
उठी हैं जैसे अभी-अभी, अपना आलस त्याग कर।
भरता है वह पंछी भी, प्राण-ऊर्जा इनमें सहसा,
फिर से अपने कोमल पंख फैलाकर।
झुकी हैं सखियाँ नदी तटों पर, भरती हैं वे कलश-जल,
सुनाई देती है उनकी कलाइयों में, चूड़ियों की प्यारी खनक।
झिलमिलाती पानी की लहरों पर, सूरज ने अपना रूप निहारा,
ओस की बूँदों ने पत्तों पर, मोती-सा श्रृंगार सँवारा।
खेतों की पगडंडी पर अब, हलधर के कदम बढ़ने लगे,
मंदिर की घंटियों के स्वर भी, नव-जीवन का संदेश देने लगे।
हर चेहरे पर नई उमंग है, हर मन में एक नया विश्वास है,
अंधकार को चीर के आया, यह कितना पावन प्रभात है!
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X