टूटे ख्वाब हमारे हैं ।
हम किस्मत के मारे हैं।।
बार बार हम टूटे हैं
करम हमारे फूटे हैं
गैरों की क्या बात करें
अपने भी तो लूटे हैं
मिले लुटेरे सारे हैं ।
हम किस्मत के मारे हैं।।
जाति धर्म के नारों से
हम हैं दूर किनारों से
कौन पूछने वाला है
हम बेबस बेचारों से
हर पल बाजी हारे हैं।
हम किस्मत के मारे हैं।।
जैसे नियम बनाओ तुम
सबको सदा नचाओ तुम
कुर्सी कभी नहीं छूटे
कुर्सी पर जम जाओ तुम
सारे नियम तुम्हारे हैं।
हम किस्मत के मारे हैं।।
वे तो आज सिकंदर हैं
हम बापू के बंदर हैं
आठ शतक बीते लेकिन
अस्सी कोटि कलंदर है
बनती नित दीवारें हैं ।
हम किस्मत के मारे हैं।।
दो दो भारत दिखते हैं
कितने सपने बिकते हैं
भेड़ों की किस्मत देखो
शेरू दादा लिखते हैं
कुछ तो राजदुलारे हैं।
हम किस्मत के मारे हैं।।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X