भारत की धरती पर कहते हैं—
“यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता।”
नारी को देवी का दर्जा देते हैं,
फिर क्यों उसकी जिंदगी में
इतनी पीड़ा लिख देते हैं?
कभी स्तन पर कर लगाया गया,
कभी बचपन में ही ब्याह दिया,
बाल-विवाह की बेड़ियों में,
उससे उसका बचपन छीन लिया।
कहीं सती प्रथा के नाम पर,
जीती नारी को जला दिया,
कहीं जौहर की आग में,
उसका जीवन ही मिटा दिया।
कभी पर्दा प्रथा की दीवारों में,
उसकी उड़ान रोक दी गई,
कभी शिक्षा से दूर रखकर,
उसकी आवाज़ रोक दी गई।
जिस बेटी को लक्ष्मी कहते हैं,
उसी को कोख में मार दिया,
कन्या भ्रूण हत्या करके,
ममता का भी सिर झुका दिया।
फिर दहेज की काली प्रथा ने,
बेटियों को बोझ बना दिया,
जिसे विदा किया था हँसकर,
उसी को दहेज के लिए जला दिया।
सोचो ज़रा—
जिस नारी को दुर्गा कहते हो,
उसी को कमजोर क्यों समझते हो?
जिसे लक्ष्मी कहकर घर लाते हो,
उसी से दहेज क्यों माँगते हो?
जिसे सरस्वती का रूप बताते हो,
उसे शिक्षा से दूर क्यों रखते हो?
देवी की पूजा करने से पहले,
नारी का सम्मान करना सीखो।
मंदिर में दीप जलाने से पहले,
उसकी जिंदगी में उजाला करना सीखो।
बेटी को जन्म लेने दो,
उसे पढ़ने और बढ़ने दो,
उसके सपनों को पंख दो—
उसे अपनी पहचान गढ़ने दो।
क्योंकि जिस दिन
हर बेटी सुरक्षित होगी,
हर नारी शिक्षित होगी,
हर बहू सम्मानित होगी—
उसी दिन भारत की संस्कृति
सच में महान होगी।
लेकिन इतिहास को भी याद रखना होगा,
कुछ नामों को दिल से सलाम करना होगा।
जब बेटियों के हाथ में किताब नहीं थी,
जब समाज उन्हें पढ़ने से रोकता था,
तब माता सावित्रीबाई फुले
अंधेरे के खिलाफ अकेली खड़ी थीं।
पत्थर पड़े,कीचड़ पड़े, ताने मिले,
फिर भी उनके कदम नहीं रुके,
उन्होंने बेटियों के लिए विद्यालय खोले,
और शिक्षा के दरवाज़े उनके लिए खुले।
उन्होंने बता दिया—
बेटी को अगर कलम मिल जाए,
तो वह अपनी किस्मत खुद लिख सकती है।
और फिर एक नाम आया—
जिसने सिर्फ कानून नहीं बनाए,
बल्कि सदियों से दबे लोगों को
बराबरी का अधिकार दिलाने की लड़ाई लड़ी।
वह नाम था—
बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर।
उन्होंने कहा—
“शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो।”
उन्होंने महिलाओं के अधिकारों के लिए आवाज़ उठाई,
हिंदू कोड बिल के माध्यम से
नारी को संपत्ति और समान अधिकार दिलाए,
और संविधान में
समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया।
आज जो बेटी स्कूल जाती है,
जो अपने अधिकारों की बात करती है,
जो अपने पैरों पर खड़ी होती है—
उसके रास्ते में
सावित्रीबाई के संघर्ष की रोशनी है,
और बाबासाहेब के संविधान की शक्ति है।
इसलिए आज
सिर्फ देवी की पूजा नहीं करनी है,
सावित्रीबाई के सपने को पूरा करना है।
सिर्फ संविधान को किताब में नहीं रखना है,
बाबासाहेब के समानता के विचार को
अपने व्यवहार में उतारना है।
क्योंकि—
जिस समाज में बेटी पढ़ेगी,
वहीं समाज आगे बढ़ेगा।
जहाँ नारी को बराबरी मिलेगी,
वहीं सच्चा लोकतंत्र खिलेगा।
और याद रखना—
देवी की मूर्ति पूजने से क्या होगा,
जब घर की नारी रोती रहे?
भारत तभी सच्चा महान बनेगा,
जब हर बेटी हँसती रहे।
सावित्रीबाई का सपना—हर बेटी पढ़े,
बाबासाहेब का सपना—हर इंसान बराबर खड़ा हो।
आओ ऐसा भारत बनाएँ,
जहाँ नारी सिर्फ पूजी न जाए—
बल्कि सम्मान, शिक्षा और अधिकार के साथ
हर कदम पर आगे बढ़े।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X