{"_id":"6b006e7029e5ba17730d1993","slug":"lg-changes-strategy-at-security-review-meeting-2026-11-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"जम्मू: 'आतंकियों के साथ उनके पूरे इकोसिस्टम का करेंगे सफाया', एलजी ने सुरक्षा समीक्षा बैठक में बदली रणनीति","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जम्मू: 'आतंकियों के साथ उनके पूरे इकोसिस्टम का करेंगे सफाया', एलजी ने सुरक्षा समीक्षा बैठक में बदली रणनीति
Fri, 20 Nov 2026 09:31 PM IST
Akash Dubey
अमर उजाला ब्यूरो, जम्मू
अमर उजाला ब्यूरो, जम्मू
Published by: Akash Dubey
Updated Fri, 20 Nov 2026 09:31 PM IST
एलजी मनोज सिन्हा ने बैठक में बदली रणनीति के साथ निर्णायक प्रहार के दिए निर्देश दिए हैं। आतंकियों के मददगारों और उनके वित्तीय नेटवर्क पर जोरदार तरीके से शिकंजा कसा जाएगा।
विज्ञापन
बैठक करते एलजी मनोज सिन्हा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई अब केवल जंगलों और पहाड़ों में छिपे आतंकियों को ढूंढकर मार गिराने तक सीमित नहीं रहेगी। आतंकियों को पनाह देने वाले, उनके लिए रसद जुटाने वाले, सूचनाएं पहुंचाने वाले, वित्तीय मदद करने वाले और उनके नेटवर्क को जिंदा रखने वाले हर व्यक्ति तक सुरक्षा एजेंसियां पहुंचेंगी। उनका सफाया करेंगी।
विज्ञापन
आतंकवाद और अलगाववाद के पूरे इकोसिस्टम को जड़ से उखाड़ने के लिए सुरक्षा के साथ आर्थिक, प्रशासनिक और सामाजिक मोर्चे पर एक साथ जोरदार वार होगा। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को जम्मू में उच्चस्तरीय सुरक्षा एवं प्रशासनिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इसी रणनीति के तहत निर्णायक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन
एलजी ने पुलिस अधिकारियों को दो टूक कहा कि हमारा लक्ष्य आतंकियों को निष्क्रिय करने तक सीमित नहीं है। हमें पूरे आतंकवादी और अलगाववादी इकोसिस्टम को ही ध्वस्त करना है। इसके लिए आतंकियों और अलगाववादियों से जुड़ी संपत्तियों की पहचान करें। उनकी कुर्की करें और जब्ती में भी तेजी लाएं।
विज्ञापन
जंगलों और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में सर्दियों का सुरक्षा चक्र होगा मजबूत
एलजी ने सर्दियों के दौरान निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके तहत सुरक्षा तैयारियों को और मजबूत किया जाएगा। दुर्गम और संवेदनशील इलाकों में आतंकियों की आवाजाही, उनके ठिकानों और स्थानीय मददगारों पर निगरानी को भी प्रभावी बनाया जाएगा। पूरी तैयारी आतंकियों के समूल नाश की है।
नार्को टेरर पर करारा प्रहार
एलजी ने नार्को टेरर को बड़ी सुरक्षा चुनौती बताते हुए इसके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश दिए। एलजी ने कहा कि नशे की तस्करी से जुटाया गया पैसा आतंकवादी गतिविधियों को वित्तीय मदद देने का माध्यम बन सकता है। ऐसे में ड्रग तस्करों, उनके वित्तीय नेटवर्क और संपत्तियों पर कार्रवाई को सुरक्षा रणनीति का हिस्सा बनाएं। समीक्षा बैठक में अवैध खनन और गोवंश तस्करी के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा के आसपास अतिक्रमण पर भी कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया।
फर्जी खबर फैलाने वालों की खैर नहीं
सुरक्षा रणनीति को केवल पुलिस अभियानों तक सीमित नहीं रखते हुए एलजी ने प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाने पर भी जोर दिया। फर्जी और भ्रामक सूचनाओं का तत्काल जवाब देने के लिए संयुक्त सोशल मीडिया सेल स्थापित करने का निर्देश दिया। एलजी ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र मजबूत करना जरूरी है। आम नागरिकों की शिकायतों को सुनने और उनका निष्पक्ष समाधान करने के लिए व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। इसमें लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
प्रथम गांवों की भी दिखी चिंता
बैठक में एलजी वाइब्रेंट विलेज के प्रति संजीदा रहे। उन्होंने इन प्रथम गांवों में विकास कार्यों की प्रगति और जम्मू संभाग की प्रमुख बुनियादी परियोजनाओं की भी समीक्षा की। सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क, संपर्क, बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक पहुंच को मजबूत कर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने का निर्देश दिया।
शीर्ष अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य सचिव डॉ. सज्जन सिंह यादव, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव चंद्राकर भारती, स्पेशल डीजी एसजेएम गिलानी, एडीजी सीआईडी एमके सिन्हा, एलजी के प्रधान सचिव गोविंद जायसवाल, जम्मू के आईजीपी तेजिंदर सिंह, मंडलायुक्त विकास कुंडल, रेंज डीआईजी, उपायुक्त और एसएसपी भी मौजूद रहे।
