तमिलनाडु: सीएम विजय ने 10वीं-12वीं के टॉपर्स को दिए पुरस्कार, किसी ने गाल पर किस किया तो किसी ने भस्म लगाई
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने चेन्नई में 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को पुरस्कार, छात्रवृत्ति और प्रमाण-पत्र दिए। कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से बातचीत भी की।
विस्तार
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शुक्रवार को चेन्नई के नीलांकरई स्थित आरके कन्वेंशन सेंटर में कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार, छात्रवृत्ति और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। यह कार्यक्रम टीवीके ने आयोजित किया गया। विजय ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से मंच पर बातचीत की। उन्होंने दिव्यांग विद्यार्थियों सहित कई छात्रों को खुद पुरस्कार दिए और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
दिव्यांग छात्र की बात सुनकर मंत्री को दिए निर्देश
कार्यक्रम के दौरान विजय एक छात्र की व्हीलचेयर के पास घुटनों के बल बैठे और उसकी बात ध्यान से सुनी। इसके बाद उन्होंने मंत्री एन. आनंद से छात्र की जरूरतों पर ध्यान देने को कहा। विजय ने मंच पर एक छात्र के साथ हाथों से हार्ट (दिल) का साइन भी बनाया।
छात्र ने चूमा, पिता ने मांगे लैपटॉप
तस्वीर खिंचवाते समय एक छोटे छात्र ने मुख्यमंत्री के गाल पर किस करके उन्हें चौंका दिया। इसी बातचीत के दौरान छात्र के पिता ने उच्च शिक्षा में मदद के लिए कक्षा 12 के विद्यार्थियों को लैपटॉप देने का अनुरोध किया। एक अन्य छात्र ने विजय से धूप का चश्मा पहनकर उसके साथ तस्वीर खिंचवाने को कहा। वहीं, एक बच्चे ने कैमरे के सामने अलग-अलग पोज देने का तरीका भी उन्हें दिखाया।
छात्र ने पिता को ओढ़ाने को कहा शॉल
कार्यक्रम में एक छात्र ने विजय से सम्मान के तौर पर मिलने वाला शॉल खुद ओढ़ने के बजाय अपने पिता को ओढ़ाने का अनुरोध किया। एक अन्य मौके पर अपनी बेटी के साथ आई मां ने मुख्यमंत्री के माथे पर पवित्र भस्म लगाकर उन्हें चौंका दिया।

कमेंट
कमेंट X