छठी से 8वीं के शिक्षकों के लिए बड़ा मौका: एनसीईआरटी ने शुरू किया ऑनलाइन डिप्लोमा कोर्स, क्या है इसमें खास?
एनसीईआरटी ने कक्षा 6 से 8 तक विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए ऑनलाइन डिप्लोमा कार्यक्रम शुरू किया है। 40 सप्ताह के इस पाठ्यक्रम के लिए पंजीकरण 12 अक्तूबर से शुरू होगा। शुल्क 2,000 रुपये रखा गया है। जानें इस खास कोर्स के बारे में...
विस्तार
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने मध्य स्तर पर विज्ञान शिक्षण के लिए ऑनलाइन डिप्लोमा कार्यक्रम शुरू किया है। यह पाठ्यक्रम मुख्य रूप से कक्षा 6 से 8 तक विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य शिक्षकों की विषय संबंधी समझ और शिक्षण कौशल को मजबूत करना है। इससे शिक्षक विज्ञान के विषयों को बच्चों को बेहतर तरीके से समझाने के लिए जरूरी शिक्षण पद्धतियों को सीख सकेंगे।
शिक्षक इस पाठ्यक्रम से क्या सीख पाएंगे?
- एनसीईआरटी के अनुसार, यह पाठ्यक्रम शिक्षकों को पाठ योजना तैयार करने में मदद करेगा।
- इसमें दिए गए उदाहरणों और अध्ययन सामग्री को शिक्षक कक्षा में विज्ञान के विषय समझाते समय इस्तेमाल कर सकेंगे।
- पाठ्यक्रम की कुछ सामग्री को शिक्षक सीधे अपनी कक्षा में विद्यार्थियों को दिखाकर भी समझा सकते हैं।
पंजीकरण कब से शुरू होगा?
ऑनलाइन डिप्लोमा कार्यक्रम के लिए पंजीकरण 12 अक्तूबर 2026 से शुरू होगा। उम्मीदवार 12 नवंबर 2026 तक पंजीकरण कर सकेंगे। पंजीकरण का ऑनलाइन लिंक ncertx.in पर उपलब्ध होगा।
- पंजीकरण शुरू: 12 अक्तूबर 2026
- पंजीकरण की अंतिम तारीख: 12 नवंबर 2026
- पाठ्यक्रम शुरू: 16 नवंबर 2026
- पाठ्यक्रम समाप्त: 31 अगस्त 2027
- कुल अवधि: 40 सप्ताह
- पंजीकरण शुल्क: 2,000 रुपये
हर सप्ताह कितने घंटे पढ़ाई करनी होगी?
यह ऑनलाइन पाठ्यक्रम है। इसमें हर सप्ताह करीब 6 से 8 घंटे की ऑनलाइन पढ़ाई होगी। पूरे पाठ्यक्रम में 40 मॉड्यूल होंगे। हर सोमवार को एक नया मॉड्यूल उपलब्ध कराया जाएगा और उसे एक सप्ताह के भीतर पूरा करना होगा। सभी मॉड्यूल और अंतिम परीक्षा को कुल 40 सप्ताह में पूरा किया जाएगा।
विज्ञान शिक्षण में यह पाठ्यक्रम क्या मदद करेगा?
एनसीईआरटी के अनुसार, विज्ञान शिक्षा का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच, वस्तुनिष्ठता, आलोचनात्मक सोच, कौशल और विज्ञान की विधियों एवं प्रक्रियाओं की समझ विकसित करना है।
इसके अलावा बच्चों की स्वाभाविक जिज्ञासा, सौंदर्यबोध और रचनात्मकता को बढ़ावा देना भी विज्ञान सीखने का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इन्हीं उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए एनसीईआरटी के विज्ञान एवं गणित शिक्षा विभाग ने यह ऑनलाइन पाठ्यक्रम तैयार किया है।
शिक्षकों को और क्या फायदा मिलेगा?
यह कार्यक्रम शिक्षकों को विज्ञान की प्रकृति और उसकी भूमिका को बेहतर ढंग से समझने में मदद करेगा। साथ ही शिक्षक यह भी समझ सकेंगे कि बच्चे विज्ञान को किस तरह सीखते हैं। पाठ्यक्रम के जरिए शिक्षकों में जरूरी क्षमताओं, कौशल, दृष्टिकोण और शिक्षण अभ्यास को विकसित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
एनसीईआरटी के अनुसार, यह कार्यक्रम बड़ी संख्या में शिक्षकों के लिए लचीले तरीके से क्षमता बढ़ाने का अवसर देगा। खास तौर पर उन शिक्षकों को इससे मदद मिल सकती है, जिनकी शैक्षिक संसाधनों या क्षमता निर्माण कार्यक्रमों तक पहुंच सीमित है।
किन शिक्षकों के लिए है यह पाठ्यक्रम?
- यह ऑनलाइन डिप्लोमा कार्यक्रम मुख्य रूप से कक्षा 6 से 8 तक विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए तैयार किया गया है।
- इसका उद्देश्य इन शिक्षकों की विषय संबंधी और शिक्षण संबंधी क्षमताओं को मजबूत करना है।
- इच्छुक शिक्षक निर्धारित अवधि के दौरान ऑनलाइन पंजीकरण करके इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
कमेंट
कमेंट X