{"_id":"6af637d003d9f72cfc003373","slug":"chhath-mahaparv-begins-today-2026-11-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"छठ महापर्व आज से: नहाय-खाय के साथ होगी पावन अनुष्ठान की शुरुआत, सूर्य उपासना के लिए दिल्ली में घाट तैयार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
छठ महापर्व आज से: नहाय-खाय के साथ होगी पावन अनुष्ठान की शुरुआत, सूर्य उपासना के लिए दिल्ली में घाट तैयार
Fri, 13 Nov 2026 03:34 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 13 Nov 2026 03:34 AM IST
छठ महापर्व की छटा केवल घाटों पर पूजा-अर्चना और सूर्य को अर्घ्य देने तक सीमित नहीं है। इस पर्व की तैयारियों में कुछ ऐसी तस्वीरें भी सामने आती हैं, जो सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देती हैं।
विज्ञापन
प्रतीक चित्र
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत आज नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ हो गई है। इस दिन व्रती कद्दू और लौकी की सब्जी व अरवा चावल (कद्दू-भात) का सेवन करते हैं। इस परंपरा के चलते बाजारों में इनकी मांग अचानक आसमान छूने लगी है। भारी खपत के कारण पूर्वी दिल्ली की प्रमुख मंडियों से लेकर खुदरा बाजारों तक लौकी और कद्दू के दाम सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुने हो गए हैं।
विज्ञापन
आसमान छू रहे कद्दू-लौकी के भाव
नहाय-खाय पर हर व्रती परिवार में कद्दू-भात का प्रसाद बनना अनिवार्य माना जाता है। एक ही दिन में लाखों घरों में भारी खपत होने के कारण सब्जियों के भाव में काफी उछाल आया है। सामान्य दिनों में 20 रुपये से 35 रुपये प्रति किलो बिकने वाली लौकी और कद्दू अब खुदरा बाजारों में 60 रुपये से 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहे हैं। बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए व्यापारियों को दूसरे राज्यों से भी अतिरिक्त खेप मंगवानी पड़ रही है। इसके अलावा सूप, दौरा, नारियल और मौसमी फलों की कीमतों में भी 10 से 20 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई है।
विज्ञापन
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कद्दू और लौकी को अत्यंत शुद्ध और सात्विक माना गया है। नहाय-खाय के दिन व्रती बिना लहसुन-प्याज के देसी घी और सेंधा नमक में बनी इसकी सब्जी खाकर तन और मन की शुद्धि के साथ व्रत का संकल्प लेते हैं। नहाय-खाय के बाद व्रतियों को 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास रखना होता है। लौकी में लगभग 90 से 95 प्रतिशत तक पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखकर डिहाइड्रेशन से बचाता है। वहीं, पीले कद्दू में विटामिन ए, सी, फाइबर और प्राकृतिक कार्बोहाइड्रेट भरपूर मात्रा में होते हैं, जो पाचन तंत्र को हल्का रखने के साथ-साथ लंबे उपवास के लिए शरीर को जरूरी ऊर्जा प्रदान करते हैं। यही कारण है कि प्रकृति की इस मौसमी उपज को छठ महापर्व में विशेष स्थान दिया गया है।
विज्ञापन
पुलिस ने आयोजकों संग की बैठक
छठ पूजा के मद्देनजर उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने तैयारियां शुरू की हैं। इसी कड़ी में अशोक विहार स्थित उत्तर-पश्चिम जिला डीसीपी कार्यालय में छठ पूजा आयोजकों के साथ बैठक हुई। अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-द्वितीय राम दुलारे मीणा ने की। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छठ पूजा के आयोजन से जुड़ी तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने आयोजकों को पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
सांसद बिधूड़ी ने घाटों का लिया जायजा
छठ महापर्व को लेकर दक्षिण दिल्ली के विभिन्न इलाकों में घाटों पर चल रही तैयारियों का भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने निरीक्षण किया। उन्होंने पालम, बिजवासन, महरौली, छतरपुर और देवली विधानसभा क्षेत्रों में करीब एक दर्जन छठ घाटों का जायजा लिया। इस दौरान विधायक कुलदीप सोलंकी, कैलाश गहलोत और गजेंद्र यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे। बिधूड़ी ने घाटों पर स्नान और अर्घ्य के लिए स्वच्छ जल, साफ-सफाई, रोशनी, शौचालय, पेयजल और आवागमन के रास्तों की व्यवस्था देखी। उन्होंने कहा कि इस बार छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। ब्यूरो
11 किमी में बने छठ घाट का किया उद्घाटन
छठ महापर्व से पहले दिल्ली सरकार ने पूर्वांचल समाज को बड़ी सौगात दी है। उत्तरी दिल्ली में मुनक नहर के दोनों किनारों पर विकसित करीब 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का बृहस्पतिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उद्घाटन किया।
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। करीब 115.29 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना से दिल्ली में छठ पूजा के लिए श्रद्धालुओं को पहले से अधिक व्यवस्थित सुविधाएं मिलेंगी।
उद्घाटन समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि छठ महापर्व से पहले दिल्ली सरकार ने पूर्वांचल समाज की आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को सम्मान देने का काम किया है। छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि शुद्धता, अनुशासन, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का पर्व है।
सीएम ने कहा कि मुनक नहर का यह क्षेत्र लंबे समय से उपेक्षित था। सरकार ने इसे विकसित किया है। उन्होंने कहा कि इस बार दिल्ली में छठ महापर्व का आयोजन पिछले वर्ष से भी अधिक भव्य होगा। केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि यह घाट पूर्वांचल समाज की आस्था के प्रति सम्मान का प्रतीक है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने इसे देश में नहर किनारे विकसित होने वाला अपनी तरह का पहला घाट बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के निर्माण में पूर्वांचल समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
आस्था की डोर से जुड़ रहे हर धर्म-जाति के लोग
छठ महापर्व की छटा केवल घाटों पर पूजा-अर्चना और सूर्य को अर्घ्य देने तक सीमित नहीं है। इस पर्व की तैयारियों में कुछ ऐसी तस्वीरें भी सामने आती हैं, जो सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देती हैं। दिल्ली में अलग-अलग धर्मों और जातियों के लोग भी किसी न किसी रूप में इस महापर्व से जुड़ते हैं। यमुना किनारे सिग्नेचर ब्रिज के नीचे छठ घाट की तैयारियों में जुटे वजीराबाद निवासी मोहम्मद सलीम बताते हैं कि वह पिछले कई वर्षों से छठ पूजा के दौरान स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घाट की सफाई और व्यवस्था में सहयोग करते हैं। इसी तरह लक्ष्मी नगर निवासी गुरप्रीत सिंह छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को चाय और पानी वितरित करने में सहयोग करते हैं। उनका कहना है कि त्योहार लोगों को जोड़ने का काम करते हैं। छठ के दौरान व्रती कई घंटे तक कठिन नियमों का पालन करते हैं।
गंगाजल से भरे गए पक्के और हाईटेक कृत्रिम घाट
आस्था और प्रकृति के प्रेम के महापर्व छठ की रौनक पूर्वी दिल्ली और यमुनापार के इलाकों में देखने को मिल रही है। 13 से 16 नवंबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय अनुष्ठान के लिए दिल्ली सरकार, दिल्ली नगर निगम और डीडीए ने मिलकर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। यमुना नदी में प्रदूषण नियंत्रण के नियमों को देखते हुए यमुनापार क्षेत्र में बड़ी संख्या में सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक कृत्रिम तालाब तैयार किए गए हैं।
इन प्रमुख इलाकों में सज गए हैं कृत्रिम घाट
पूर्वी दिल्ली के प्रमुख रिहायशी इलाकों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तालाब बनाए गए हैं। मयूर विहार फेज-1 के बुद्ध पार्क, फेज-2 के पॉकेट-सी, कोंडली के राजेश पायलट पार्क, त्रिलोकपुरी, मंडावली के मधु विहार पॉन्ड पार्क और आईपी एक्सटेंशन में घाट पूरी तरह तैयार हैं। इसके अलावा गीता कॉलोनी के रानी गार्डन डीडीए ग्राउंड, सत्संग भवन के पास, कृष्णा नगर के ताज सरताज पार्क, गाजीपुर मंडी पार्क, कड़कड़डूमा, जगतपुरी के तिकोना पार्क तथा दिलशाद गार्डन और यमुना विहार के डीडीए पार्कों में भी जल भराव और सजावट का काम पूरा कर हो गया है।
गंगाजल, सुरक्षा और हाईटेक इंतजाम हैं मुख्य विशेषता
इस साल कृत्रिम कुंडों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इन्हें केवल अस्थायी गड्ढों के बजाय टाइल्स और सीमेंट से पक्के घाटों का रूप दिया गया है। कई बड़े कुंडों में सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से आने वाला शुद्ध गंगाजल और दिल्ली जल बोर्ड के टैंकरों से स्वच्छ पानी भरा गया है।
छह साल बाद सिग्नेचर ब्रिज के पास लौटेगी छठ की पुरानी रौनक, सात जगह सजेंगे मंच और पंडाल
यमुना किनारे सिग्नेचर ब्रिज के पास स्थित वजीराबाद पूर्वी घाट पर इस बार छठ पूजा में छह साल पुरानी रौनक लौटने जा रही है। कोरोना महामारी के बाद पहली बार घाट पर एक-दो नहीं, बल्कि सात अलग-अलग स्थानों पर मंच और भव्य पंडाल सजाए जाएंगे। सात पूजा समितियां मिलकर अपने स्तर पर आयोजन करेंगी।
छठी मइया के गीतों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, रात्रि जागरण और भंडारे से पूरा घाट भक्तिमय माहौल में नजर आएगा। आयोजन को बड़े स्तर पर करने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। समितियों की ओर से की गई मांगों को मंजूरी मिलने के बाद पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, लाइटिंग और कलाकारों की व्यवस्था का रास्ता साफ हो गया है। दरअसल कोरोना महामारी से पहले वजीराबाद पूर्वी घाट पर सात अलग-अलग पूजा समितियां अपने स्तर पर छठ महापर्व का आयोजन करती थीं।
वजीराबाद में भी छठ पूजा का आयोजन बड़े स्तर पर होता है। श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समितियों की ओर से मांग रखी गई थी, जिसे स्वीकृति मिल गई है।
-उत्तम सिंह अध्यक्ष, पूर्वांचल मित्र महासभा
पूजा से पहले घाट और आसपास के रास्तों को साफ-सुथरा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस बार अलग-अलग स्थानों पर घाट सजेंगे।
- पंकज सिंह, अध्यक्ष, पूर्वांचल एकता संघ
हाथी घाट पर छठ पूजा की चित्रकला बनी आकर्षण का केंद्र
छठ महापर्व की संस्कृति और परंपरा को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हाथी घाट कहे जाने वाले आईटीओ घाट पर आकर्षक चित्रकला बनाई गई है। इसके माध्यम से छठ पूजा की खुबसूरती, धार्मिक आस्था और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को दर्शाया गया है।
घाट की दीवारों पर बनाई गई रंग-बिरंगी तस्वीरें लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने वाले छात्रों ने इस आकर्षक चित्रकला को तैयार किया है, इनमें अधिकांश छात्र बिहार के रहने वाले हैं।
युवा कलाकारों ने करीब 12 से 13 दिनों की मेहनत से दीवारों पर छठ महापर्व से जुड़े अलग-अलग दृश्य उकेरे हैं। चित्रों में व्रत करने वाली महिलाएं, सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा, पूजा की सामग्री और घाट का दृश्य बेहद खुबसूरती से दिखाया है।