फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   BRICS Achievement Dialogue between diverse poles during challenging times multilateral diplomacy not exhausted

ब्रिक्स का हासिल: चुनौतीपूर्ण समय में अलग-अलग ध्रुवों के बीच संवाद, बहुपक्षीय कूटनीति की गुंजाइश अभी खत्म नहीं

Mon, 14 Sep 2026 10:02 AM IST
न्यूज डेस्क अमर उजाला, नई दिल्ली।
अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: न्यूज डेस्क Updated Mon, 14 Sep 2026 10:02 AM IST
विज्ञापन
सार
Register For Event
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भारत की सफलता सिर्फ साझा घोषणापत्र पारित कराने में नहीं, बल्कि एक चुनौतीपूर्ण समय में अलग-अलग ध्रुवों के बीच संवाद की जमीन बचाए रखने में है। साझा बयान बेशक युद्ध खत्म नहीं करा सकते, लेकिन इससे यह तो पता चलता है कि बहुपक्षीय कूटनीति की गुंजाइश अभी खत्म नहीं हुई।
loader
BRICS Achievement Dialogue between diverse poles during challenging times multilateral diplomacy not exhausted
ब्रिक्स समिट 2026 - फोटो : PTI

विस्तार

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और उससे पैदा हुई अनिश्चितताओं व गहरे मतभेदों के बीच तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं वाले समूह ‘ब्रिक्स’ के सदस्य देशों को एक साझा नजरिये पर सहमत कर पाना भारत की कूटनीतिक क्षमता का परिचायक तो है ही, उसकी बढ़ती वैश्विक भूमिका का भी संकेत है।



ब्रिक्स जैसे समूह में सहमति बनाना वैसे भी आसान नहीं है। इसके सदस्य देशों के अपने-अपने रणनीतिक हित, क्षेत्रीय प्राथमिकताएं और विदेश नीति संबंधी दृष्टिकोण हैं। पश्चिम एशिया के सवाल पर यह विविधता और भी अधिक स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, जहां ईरान स्वयं संघर्ष में एक प्रमुख पक्ष है और उसके सऊदी अरब और यूएई के साथ सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर मतभेद हैं।


गौरतलब है कि साझा बयान में न तो अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों का और न ही इसके बाद ईरान द्वारा फारस की खाड़ी के अपने पड़ोसी देशों (जिनमें यूएई भी शामिल है) पर किए गए हमलों का सीधे तौर पर जिक्र किया गया; अलबत्ता इसमें युद्ध के दौरान ‘अधिकतम संयम’ बरतने की अपील की गई। दरअसल, किसी एक पक्ष की भाषा को स्वीकार करने के बजाय ऐसी शब्दावली पर सहमति बना कर, जिसे अलग-अलग हितों वाले देश स्वीकार कर सकें, भारत ने यह दिखाया है कि कठिन भू-राजनीतिक परिस्थितियों में असहमतियों को परे रखकर भी संवाद के रास्ते खुले रखे जा सकते हैं। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अमेरिका ब्रिक्स देशों के आपसी मतभेदों को रेखांकित करते हुए इस समूह के औचित्य पर सवाल उठाता रहा है।

घोषणापत्र में अंतरराष्ट्रीय कानूनों और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों को कमजोर करने वाले गैर-कानूनी कदमों को वापस लिए जाने की जो मांग की गई है, उसे अमेरिका की हालिया नीतियों के संदर्भ में देखा जा सकता है। हालांकि प्रधानमंत्री मोदी ने संतुलन बनाते हुए यह स्पष्ट किया है कि ब्रिक्स किसी के विरुद्ध नहीं है।



दरअसल, भारत की सफलता सिर्फ ब्रिक्स में साझा घोषणापत्र पारित कराने में नहीं, बल्कि एक चुनौतीपूर्ण समय में अलग-अलग ध्रुवों के बीच संवाद की जमीन बचाए रखने में है। हालांकि साझा बयान युद्ध खत्म नहीं करा सकता और न ही पश्चिम एशिया के जटिल राजनीतिक विवादों का समाधान कर सकता है। फिर भी अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में सहमति की दिशा में उठा हर कदम महत्व रखता है। यह इस बात का संकेत भी है कि बहुपक्षीय कूटनीति की गुंजाइश अभी खत्म नहीं हुई है। अब जरूरी है कि ऐसी कूटनीतिक सहमतियों को केवल सम्मेलनों और घोषणाओं तक सीमित न रखा जाए, बल्कि वैश्विक संकटों के समाधान की दिशा में इन्हें आगे बढ़ाने और व्यापक संवाद में बदलने की भी कोशिश हो।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed