Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   love-relationships-expectations-self-love-emotional-balance

जीवन धारा: खुद से प्रेम करना मत भूलिए, अपेक्षाओं और आत्मसम्मान के बीच संतुलन जरूरी

Thu, 19 Nov 2026 06:35 AM IST
देवेश त्रिपाठी बीके शिवानी
बीके शिवानी Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Thu, 19 Nov 2026 06:35 AM IST
विज्ञापन
सार
Register For Event
प्रेम में अपेक्षाएं रखिए, लेकिन अपनी खुशी को अपेक्षाओं की कैद में मत डालिए। प्रेम दीजिए, लेकिन उसे सौदे में मत बदलिए। साथ मांगिए, लेकिन अधिकार मत जमाइए। 
loader
love-relationships-expectations-self-love-emotional-balance
जीवन धारा - फोटो : अमर उजाला प्रिंट

विस्तार

हम सभी प्रेम चाहते हैं। हम चाहते हैं कि जिन लोगों से हम प्रेम करते हैं, वे भी हमें उतना ही महत्व दें, जितना हम उन्हें देते हैं। क्या ऐसा सोचना गलत है? बिल्कुल नहीं, क्योंकि प्रेम में अपेक्षाएं तो स्वाभाविक हैं। जब हम किसी से प्रेम करते हैं, तो उसके व्यवहार से प्रभावित भी होते हैं। यदि कोई अपना हमारी परवाह करता है, तो हमें अच्छा लगता है। यदि वह हमारी उपेक्षा करता है, तो दुख होता है। समस्या अपेक्षाओं के होने में नहीं है। समस्या तब पैदा होती है, जब हमारी अपेक्षाएं इतनी बढ़ जाती हैं कि हम अपनी खुशी, शांति व संतुष्टि का पूरा नियंत्रण दूसरे व्यक्ति को सौंप देते हैं। हम कहते हैं-मैं तभी खुश रहूंगा, जब तुम मेरी बात समझोगे। इस तरह हम अनजाने में अपने मन की चाबी दूसरे के हाथों में दे देते हैं। कल्पना कीजिए कि आपने किसी व्यक्ति की मदद की, ध्यान रखा, मुश्किलों में साथ दिया। अब आपके मन में उम्मीद पैदा हुई कि आपको जब जरूरत होगी, तो वह भी आपके लिए वैसा ही करेगा। लेकिन, यदि वह ऐसा नहीं करता, तो आपको आघात लगता है। तब मन में आता है कि मैंने उसके लिए इतना किया, पर उसने मेरे लिए क्या किया?


अब स्वयं से भी पूछिए कि क्या आपने जो कुछ किया था, वह प्रेम से किया था या उसके बदले में कुछ पाने की इच्छा से? यदि आपने उसके लिए कुछ भी प्रेम से किया था, तो क्या सामने वाले का वैसा ही व्यवहार न करना आपके दिए हुए प्रेम का मूल्य समाप्त कर देता है? हरगिज नहीं। प्रेम को लेनदेन बना देने से तो संबंधों में हिसाब-किताब शुरू हो जाता है। फिर हम यह देखने लगते हैं कि किसने कितना दिया और किसने कितना लिया। जहां हिसाब-किताब बहुत बढ़ जाता है, वहां प्रेम का सहज प्रवाह कम होने लगता है। किसी से प्रेम करने का अर्थ यह नहीं कि वह हर समय आपकी इच्छा के अनुसार ही चले। आप चाहते हैं कि आपका जीवनसाथी आपकी भावनाओं को समझे। यह उचित अपेक्षा है। लेकिन, यह अपेक्षा करना कि वह बिना बताए आपकी हर भावना समझ जाए, शायद सही नहीं होगा।


प्रेम को किसी शर्त में नहीं बांधा जा सकता है। आपका मन, आपकी खुशी आप ही की जिम्मेदारी है। दूसरे लोग आपके जीवन में खुशी के कारण बन सकते हैं, लेकिन अपनी पूरी खुशी का आधार केवल उन्हें बना देना उचित नहीं है। यदि अपेक्षाएं हमें एक-दूसरे के प्रति संवेदनशील बनाती हैं, तो वे संबंधों के लिए अच्छी हैं। पर, यदि वे हमें लगातार शिकायत करने वाला और हर समय निराश रहने वाला बना देती हैं, तो हमें अपनी अपेक्षाओं पर विचार करना चाहिए। प्रेम में अपेक्षाएं रखिए, लेकिन अपनी खुशी को अपेक्षाओं की कैद में मत डालिए। प्रेम दीजिए, लेकिन उसे सौदे में मत बदलिए। साथ मांगिए, लेकिन अधिकार मत जमाइए। और, सबसे बड़ी बात-दूसरे को प्रेम करते हुए स्वयं से प्रेम करना मत भूलिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed