बिहार: चलती यात्री बस में लगी आग, यात्रियों में मची अफरातफरी; पुलिस और स्थानीय लोगों ने पाया काबू
मुजफ्फरपुर में एनएच-77 स्थित सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर हाईवे पर चलती यात्री बस में अचानक आग लग गई। घटना रामपुर हरि थाना क्षेत्र की है। पुलिस और स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर में शनिवार दोपहर चलती यात्री बस में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। घटना सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर एनएच-77 पर दोपहर करीब तीन बजे की है। बस सीतामढ़ी से पटना जा रही थी। इसी दौरान उसके इंजन से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग लग गई। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीतामढ़ी की ओर से आ रही बस के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। इसके बाद आग की लपटें दिखाई देने लगीं। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। स्थानीय लोगों ने आसपास से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
पढे़ं: सोनू सूद अंकल, मुझे बचा लो...' डेढ़ करोड़ के इलाज के लिए दर-दर भटक रही मासूम की मां, अब अभिनेता से आस
इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और एनएच पर जाम लग गया। घटना के बाद बसों की फिटनेस और उनकी स्थिति को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले की जांच करनी चाहिए कि आखिर अनफिट बसें सड़कों पर कैसे दौड़ रही हैं।
मामले में रामपुर हरि थानाध्यक्ष ने बताया कि शनिवार को सीतामढ़ी से पटना जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। बस से तेजी से धुआं उठने लगा। इसके बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इंजन में खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है।
