साप्ताहांत पर तीर्थनगरी में सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक जाम लगा रहा। जाम में वाहन रेंगरेंग कर चलते रहे। इंद्रमणि बडोनी चौक से तपोवन बाजार पहुंचने में एक घंटा लग गया। मुनिकीरेती पुलिस की ओर से लागू किए गए प्लान फेल हो गए। जब तपोवन से ट्रैफिक आगे नहीं बढ़ा तो ऋषिकेश यातायात पुलिस को नेपाली फार्म से वाहनों को डायवर्ट करना पड़ा। तीर्थनगरी में सुबह सात बजे से ही वाहनों का दबाव होने लगा था। वाहनाें के दबाव के कारण के नेपालीफार्म से श्यामपुर पुलिस चौकी, बाइपास मार्ग वाहनों से पैक रहा है। बाइपास मार्ग पर एआरटीओ कार्यालय से इंद्रमणि बडोनी चौक तक वाहनाें की लंबी लाइन लगी रही। वहीं भद्रकाली, ब्रह्मानंद मोड़ से ट्रैफिक आगे न बढ़ने के कारण इंद्रमणि बडोनी चौक से ढालवाला, भद्रकाली तक वाहनों की लंबी लंबी लाइनें लगती रही। भले की यातायात पुलिस के पर्याप्त जवान ट्रैफिक संभाल रहे थे, वाहनों के दबाव के सामने वह भी बेबस नजर आ रहे थे। स्थिति यह थी कि इंद्रमणि बडोनी चौक से तपोवन बाजार तक सात किलोमीटर का सफर करने में एक घंटा लग गया।