केंद्र सरकार की ओर से रसोई गैस के दामों में की गई भारी वृद्धि के विरोध में नैनीताल नगर कांग्रेस कमेटी ने मल्लीताल स्थित पंत पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन किया। नगर अध्यक्ष सचिन नेगी ने कहा चुनाव खत्म होते ही भाजपा सरकार ने आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया है। एक तरफ जनता आर्थिक तंगी से जूझ रही है, वहीं दूसरी तरफ सरकार रसोई गैस के दाम बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ रही है। कहा कांग्रेस पार्टी मोदी सरकार के इस जनविरोधी निर्णय का पुरजोर विरोध करती है। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष यूथ कांग्रेस शिवम बजाज, सिद्धार्थ टंडन, अमन रोहित तिवारी, मनोज, गोपाल बिष्ट, संजय कुमार, रविन्द्र आदि मौजूद रहे।