नगर पालिका रॉबर्ट्सगंज के वार्ड चार स्थित रौंप सहिजन खुर्द मोहाल में चंद्रिका माता मंदिर एवं परिसर के नवनिर्माण का कार्य कराया जा रहा है। मंदिर के पुनर्निर्माण के चलते चंद्रिका माता की प्रतिमा को शुक्रवार को सावन नवमी के अवसर पर अस्थाई रूप से मंदिर परिसर के समीप बनाई गई कुटिया में स्थापित किया गया। इससे पहले गांव के लोगों के साथ आचार्य बृजेश गर्ग, अनुज शुक्ला, रमेश पाठक, प्रशांत ने वैदिक मंत्रोच्चार से पूजा-पाठ किया। इसके बाद माता की प्रतिमा को नए स्थान पर ले जाकर विधिवत स्थापित किया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय लोगों ने छोटी और छायादार कुटिया का निर्माण कराया है। मंदिर का पुनर्निर्माण पूरा होने तक इसी कुटिया में माता की पूजा-अर्चना की जाएगी। सभासद राजेश भारती, सत्यम गुप्ता, माधव पटेल, लल्लू पुजारी, आनंद गुप्ता, राजमणि प्रजापति ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद की ओर से मंदिर का नवनिर्माण पूरा होने के बाद विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ चंद्रिका माता की प्रतिमा को पुन: नवनिर्मित मंदिर में स्थापित किया जाएगा। प्रतिमा स्थापना के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। लोगों ने माता के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।