सहारनपुर के सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में लगातार बारिश के चलते शाकंभरी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। सोमवार रात से नदी में पानी का तेज बहाव बना हुआ है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने मंगलवार सुबह करीब दो घंटे तक उन्हें नदी की ओर जाने से रोक दिया। सुबह छह से आठ बजे तक रोका आवागमन नदी में तेज बहाव को देखते हुए पुलिस ने सुबह करीब छह बजे से आठ बजे तक श्रद्धालुओं को नदी की ओर जाने से रोककर जलस्तर और बहाव पर नजर रखी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भूरादेव मंदिर और नदी के आसपास मां भगवती के दर्शन के लिए इंतजार करते रहे। स्थिति सामान्य होने पर दर्शन के लिए भेजे श्रद्धालु करीब दो घंटे बाद शिवालिक पहाड़ियों में स्थित बाढ़ चौकी से बारिश और नदी के बहाव की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके बाद पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं को मां शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए भेजना शुरू किया।