पीलीभीत जिले में बाढ़ की समस्या को लेकर कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार ने बुधवार को ग्रामीणों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। डीएम को दिए ज्ञापन जिले को बाढ़ प्रभावित घोषित करने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पीलीभीत जिला हर साल बाढ़ की गंभीर समस्या से जूझता है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन और सरकार ने इसे आधिकारिक तौर पर बाढ़ प्रभावित जिलों की श्रेणी में शामिल नहीं किया है। ज्ञापन में बताया गया कि देवहा नदी हर वर्ष जिले के बड़े हिस्से को जलमग्न कर देती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होता है और किसानों की फसलें बर्बाद हो जाती हैं। शारदा नदी की बाढ़ से भी नुकसान होता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिस नदी के कारण जिले में बाढ़ की स्थिति बनती है, उसे यहां सरकारी अभिलेखों में पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया है।