आदर्श नगर पंचायत स्थित गांधी स्टेडियम मैदान में चल रहे स्वर्गीय शिवनाथ सिंह स्मृति ऑल इंडिया टी-20 चैलेंज कप क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को श्री साईं क्रिकेट एकेडमी आजमगढ़ व नाइन स्टार क्रिकेट क्लब ओबरा के बीच सेमीफाइनल मैच खेला गया। आजमगढ़ की टीम ने टाॅस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओबरा की टीम ने पांच विकेट के नुकसान पर 210 रन का लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में उतरी आजमगढ़ की टीम ने 20वें ओवर में महज 184 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस तरह ओबरा की टीम ने 26 रन से मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस दौरान अंपायर की भूमिका आनंद सिंह एवं विपिन सिंह (यूएई अंपायर) ने निभाया। वहीं मैच में चार विकेट लेने वाले आलोक शर्मा को मैन ऑफ द मैच से पुरस्कृत किया गया। आयोजक समिति के सचिव जावेद आलम ने बताया कि मंगलवार को नाइन स्टार क्रिकेट क्लब ओबरा बनाम क्रिकेट एसोसिएशन मथुरा के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा। इस दौरान मनोज पांडेय, अध्यक्ष राजेश गुप्ता, आयोजक विनय कुमार सिंह (पप्पू), भूपेंद्र सिंह उर्फ विक्की, शिवशंकर सिंह, संतोष सिंह, पिंकू उपाध्याय, विशाल सिंह, शशिकांत उपाध्याय, ज्योति प्रकाश समेत दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी रही।