मवाना। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल मवाना के अध्यक्ष राजबीर चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल थाना दिवस के अवसर पर इंस्पेक्टर पूनम जादौन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने नगर में बढ़ती यातायात जाम की समस्या को गंभीर बताते हुए समाधान की मांग की। व्यापारियों ने बताया कि नगर के प्रमुख चौराहों, संपर्क मार्गों और बाजार क्षेत्रों में प्रतिदिन जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आपातकालीन सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि नगर में ई-रिक्शाओं के लिए निर्धारित रूट तय किए जाएं और नाबालिग बच्चों द्वारा ई-रिक्शा चलाने की बढ़ती घटनाओं पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही प्रत्येक ई-रिक्शा के पीछे मालिक का नाम और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित कराया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने नगर के प्रमुख स्थलों पर यातायात पुलिस और होमगार्ड की नियमित तैनाती करने की भी मांग की, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।