नगरपालिका क्षेत्र के बढुआ गोदाम वार्ड स्थित बाजार में पिछले सात साल से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। फोरलेन पर बने सर्विस लेन पर दो से तीन फुट पानी जमा हो जाता है। इससे व्यापारियों की दुकानदारी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। नाराज व्यापारियों ने आवागमन के लिए सर्विस लेन पर अस्थायी लकड़ी का पुल बनाया और नगर पालिका के जिम्मेदार और नगर विकास मंत्री को कटाक्ष करते हुए इसका लोकापर्ण करने का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। राजकुमार, रामबदन सहित अन्य दुकानदारों का कहना है कि बाजार में करीब 250 से अधिक छोटी-बड़ी दुकानें हैं। यह बाजार गाजीपुर और मऊ के 40 से 50 गांवों के लोगों की जरूरतों को पूरा करता है। बाजार के बीचोंबीच फोरलेन सड़क बनने के बाद सात साल पहले सर्विस लेन का निर्माण हुआ था, यहां नाला आधा-अधूरा बना है। इस कारण बरसात के चार महीनों में पानी की निकासी नहीं हो पाती है। इससे आवागमन ठप हो जाता है और दुकानें बंद करनी पड़ती हैं।वे पिछले सात साल से इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी और एनएचएआई को कई पत्र लिखे हैं। लेकिन, अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।आगे कहा कि बीते सात साल से हम बरसात के चार महीनों में सर्विस लेन पर जलभराव से दुकानदारी चौपट हो गई है। रक्षाबंधन का पर्व आ गया है, पानी लगने से ग्राहक आते नहीं, दुकानदारी प्रभावित हो रही है।" दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।इस बाबत नगर पालिका ईओ मणिभूषण तिवारी ने बताया कि यह मामला सर्विस लेन से जुड़ा है, इस संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया है।