यूपी: आईटीआई में प्रवेश के लिए प्रथम चरण का चयन परिणाम घोषित, 27 अगस्त से 4 सितंबर तक होंगे प्रवेश
उत्तर प्रदेश के राजकीय और निजी आईटीआई में प्रवेश के लिए प्रथम चरण का चयन परिणाम घोषित कर दिया गया है। चयनित अभ्यर्थी 27 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक संबंधित संस्थानों में प्रवेश ले सकेंगे। अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र, मूल प्रमाण-पत्र, अंकपत्रों की प्रतियां और फोटो के साथ संस्थान पहुंचना होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) ने प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में विभिन्न सत्रों के प्रवेश के लिए प्रथम चरण का चयन परिणाम घोषित कर दिया है। चयनित अभ्यर्थी 27 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक संबंधित संस्थानों में प्रवेश ले सकेंगे। प्रवेश प्रक्रिया अवकाश के दिनों में भी जारी रहेगी।
विशेष सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग तथा एससीवीटी के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि सत्र 2026 के छह माह के पाठ्यक्रम, सत्र 2026-27 के एक वर्षीय और सत्र 2026-28 के दो वर्षीय पाठ्यक्रमों के लिए प्रथम चरण का चयन परिणाम जारी किया गया है।
अभ्यर्थी अपना परिणाम एससीवीटी की वेबसाइट scvtup.in अथवा upvesd.gov.in/dte पर देख सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर दिए गए लिंक पर क्लिक कर पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। चयन होने पर अभ्यर्थी का बुलावा पत्र प्रदर्शित होगा, जिसका प्रिंट लिया जा सकता है। चयनित अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी सूचना भेजी जा रही है।
जिन अभ्यर्थियों का चयन नहीं हुआ है, उन्हें उनकी रैंक की जानकारी दिखाई देगी और उन्हें अगले चरण की प्रवेश प्रक्रिया का इंतजार करना होगा।
मूल प्रमाण-पत्रों के साथ पहुंचना होगा संस्थान
चयनित अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र, सभी मूल प्रमाण-पत्र, अंक पत्रों की प्रतियां, उनकी एक-एक प्रमाणित प्रति और दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ संबंधित संस्थान के प्रधानाचार्य से अंतिम तिथि से पहले संपर्क करना होगा। प्रवेश सूची में नाम की जांच के बाद प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों को अपग्रेडेशन प्रक्रिया में भागीदारी के अनुसार फ्रीज या फ्लोट में से किसी एक विकल्प का चयन करना होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी नजदीकी आईटीआई या हेल्प डेस्क नंबर 0522-4150500 और 7897992063 पर संपर्क कर सकते हैं।